अखिलेश ने फिर दिया मुलायम को झटका! सपा के प्रान्तीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए नहीं भेजा न्यौता

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 08:45 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के आगामी 23 सितंबर को यहां होने वाले प्रान्तीय सम्मेलन में पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव को फिलहाल आमंत्रित नहीं किया गया है। 

मुलायम सिंह यादव के साथ उनके अनुज और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को भी आमंत्रित नहीं किया गया है। शिवपाल सिंह यादव ने बताया कि उन्हें और ‘नेताजी’ को अभी तक आमंत्रण नहीं मिला है। आमंत्रण नहीं मिलने पर सम्मेलन में जाने का सवाल ही नहीं उठता।  पिछले एक वर्ष से‘यादव कुनबे’में घमासान मचा हुआ है। गत 24 अक्टूबर को विवाद की इन्तिहा हो गयी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव तथा शिवपाल सिंह यादव के बीच धक्कामुक्की तक हो गयी थी। शिवपाल  सिंह यादव, अखिलेश यादव के सगे चाचा हैं। विवाद की वजह से यादव कुनबा सीधे तौर पर दो भागों में बंटा दिखाई पड़ रहा है। एक में मुलायम सिंह यादव के साथ शिवपाल सिंह यादव हैं जबकि दूसरे में अखिलेश और प्रो0 रामगोपाल यादव साथ नजर आते हैं। 

पार्टी की ओर से आज जारी विज्ञप्ति में होर्डिंग्स में नेताओं के फोटो में मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव का नाम दर्शाया नहीं गया है। हालांकि, शहर में लगे कुछ होर्डिंग्स में पार्टी संस्थापक की फोटो भी दिखायी पड़ रही है। उधर, सम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी हो गयी हैं। लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता अखिलेश यादव करेंगे। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। सपा सूत्रों के अनुसार नरेश उत्तम को पुन: पार्टी की प्रदेश इकाई की बागडोर सौंपी जा सकती है। 

पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के अनुसार सम्मेलन में 15 हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। चौधरी का दावा है कि समेलन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। सम्मेलन स्थल और उसके आसपास के इलाकों को सपा के रंग की झंडियों से दो दिन पहले ही पाट दिया गया है। सम्मेलन के लिए शहर में जगह-जगह होर्डिंग बैनर-पोस्टर लगे हैं। पूरे लखनऊ में चौराहों पर पार्टी के झंडे लहरा रहे हैं। समाजवादी नेताओं डा0 लोहिया, जेपी, कर्पूरी ठाकुर, जनेश्वर मिश्र, मोहन सिंह, ब्रजभूषण तिवारी, के नाम पर विशाल द्वार बनाए गए हैं। 

अखिलेश यादव सहित वरिष्ठ नेताओं के बड़े-बड़े कट आउट भी लगे हैं। राज्य सम्मेलन के लिए एक भव्य मंच बनाया गया है। समाजवादी पार्टी के राज्य सम्मेलन की शुरूआत राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रात: 09:45 बजे झण्डारोहण से होगी। राष्ट्रीय गान के साथ 10:00 बजे प्रतिनिधि सम्मेलन का प्रारंभ होगा। 10:15 बजे स्वागत गीत के बाद 10:30 बजे स्वागत भाषण होगा। 10:45 बजे प्रदेश अध्यक्ष संगठन की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। 11:00 बजे अखिलेश यादव अपना उद्घाटन भाषण करेंगे। 12:00 बजे राजनीतिक तथा आर्थिक प्रस्ताव पेश होगा जिस पर 01:00 बजे तक चर्चा होगी। मध्यान्ह भोज के बाद 02:00 बजे से फिर राजनीतिक आर्थिक प्रस्ताव पर चर्चा के बाद उसे पारित किया जाना है। अपरान्ह 04:30 बजे प्रदेश अध्यक्ष तथा पदाधिकारियों का चुनाव होगा। सायंकाल 05:00 बजे सम्मेलन का समापन महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव के उद्बोधन के साथ संपन्न होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static