पद्मावती फिल्म को लेकर बढ़ा विरोध, भंसाली को गिरफ्तार किए जाने की मांग

punjabkesari.in Monday, Nov 13, 2017 - 06:07 PM (IST)

गाजियाबाद: फिल्मकार संजय लीला भंसाली की बहुर्चिचत फिल्म पद्मावती को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यन स्वामी, कुमार विश्वास के बाद अब हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने भी इस फिल्म का विरोध किया है और भंसाली को गिरफ्तार करने की मांग की है।  

पद्मावती फिल्म का राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में विरोध किया जा रहा है। तमाम संगठन इस फिल्म को प्रतिबंधित किए जाने की मांग कर रहे है। विरोध करने वालों का साफ तौर पर कहना है कि रानी पद्मिनी पर आधारित फिल्म ‘पद्मावती’ में इतिहास को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है जो स्वीकार नहीं है।  

चक्रपाणि महाराज ने आरोप लगाया है कि भाजपा खुद को महिलाओं का सम्मान करने वाली राजनीतिक पार्टी बताती है। लेकिन यहां पर जौहर करने वाली एक रानी के गौरवशाली इतिहास को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। दुर्भाग्य़पूर्ण बात है कि केंद्र सरकार पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।  

हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा है कि संजय लीला भंसाली जैसे लोग इतिहास के साथ में छेड़छाड़ करने का काम करते है। इनकी गलती के लिए तुरंत गिरफ्तार किए जाना चाहिए। रानी पद्मावती वीर नारी थी, फिल्म के जरिए लोगों तक गलत संदेश दिए जाने की कोशिश की जा रही है।  गौरतलब है कि फिल्म ‘पद्मावति’ में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static