''गले में भगवा गमछा डालकर थानों पर गुंडागर्दी कर रहे हैं योगी सरकार के लोग''

punjabkesari.in Friday, Apr 28, 2017 - 07:09 PM (IST)

फैजाबाद: उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार कानून व्यवस्था बनाये रखने में पूरी तरह से असफल साबित हो रही है। 

पटेल संत कबीरनगर जाते समय यहां पत्रकारों से कहा कि योगी सरकार पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पर पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। लोकतंत्र की जो तस्वीर दिखायी जा रही है वह खतरनाक है। चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से कहा कुछ और था तथा कर कुछ और रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि सपा सरकार पर आरोप लगता था कि गुण्डों की पार्टी है, थाने में गुण्डे हैं लेकिन योगी सरकार के लोग गले में केसरिया गमछा डालकर थानों पर गुण्डई कर रहे हैं और पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल पैदा कर रहे हैं।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन(ईवीएम) में बहुत बड़ी गड़बड़ी हुई है। इसका खुलासा जनता के सामने होगा। उन्होंने कहा कि अगर आदमी मशीन ठीक करता है तो उसे खराब भी कर सकता है।

उन्होंने सपा नेताओं को निर्देश दिया कि पार्टी की सदस्यता अभियान जोरों से चलायें तथा सभी बूथों पर कम से कम एक सक्रिय कार्यकर्ता अवश्य बनाया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पार्टी के सदस्यता अभियान में समाजवादी पेंशन पाने वाली महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों को भी पार्टी का सदस्य बनाया जाय। 

इस अवसर पर सपा के पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय, वरिष्ठ नेता छेदी सिंह, मनोज जायसवाल, अयोध्या विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static