सपा का 8वां राज्य सम्मेलन आज, पहली बार मुलायम नहीं होंगे शामिल

punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2017 - 09:46 AM (IST)

लखनऊः राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में शनिवार को समाजवादी पार्टी का राज्य सम्मेलन होगा। यह पहला मौका है जब पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव इस सम्मलेन में हिस्सा नहीं लेंगे। इसके साथ ही शिवपाल यादव भी इस सम्मलेन में नहीं शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि 21 सितम्बर को लोहिया ट्रस्ट की मीटिंग के शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि उन्हें और मुलायम को इस सम्मलेन के लिए निमंत्रण नहीं मिला है। इतना ही नहीं सम्मलेन की प्रचार सामाग्री से भी मुलायम और शिवपाल नदारद हैं। जगह-जगह लगाए गए बैनर और पोस्टर से भी दोनों नेता गयब हैं।

आज के राज्य सम्मेलन के लिए रमाबाई अंबेडकर मैदान में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस सम्मेलन में सपा के 15 हजार से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आज होने वाले इस सम्मेलन को लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

सम्मेलन के लिए शहर में जगह-जगह होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। सम्मेलन का शुभारंभ आज सुबह 9.45 बजे झंडारोहण से होगा और उसके बाद 10 बजे राष्ट्रगान। 11 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सम्मलेन का उद्घाटन भाषण देंगे। दोपहर 2 बजे राजनैतिक और आर्थिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी चर्चा।

शाम 4.30 बजे सपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। उम्मीद है मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नरेश गौतम को एक बार फिर से चुना जाएगा। शाम 5 बजे प्रोफेसर राम गोपाल यादव समापन उद्बोधन देंगे।

सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि इस सम्मलेन में 101 सदस्यीय कार्यकारिणी 5 साल के लिए चुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के अलावा, एक प्रमुख महासचिव, 3 उपाध्यक्ष, 3 महासचिव, एक कोषाध्यक्ष और 25 सचिव तथा शेष कार्यकारिणी के सदस्य होंगे। राज्य सम्मलेन का प्रसारण फेसबुक पर लाइव किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static