आस्था कलंकित: दर्शन के दौरान महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाते पकड़ा गया पुजारी

punjabkesari.in Sunday, May 28, 2017 - 02:02 PM (IST)

कानपुर(अंबरीश त्रिपाठी): कानपुर के प्रसिद्ध आनंदेश्वर धाम मंदिर में आज एक पुजारी की हरकत से लाखों भक्तों की आस्था कलंकित हो गई। इस मंदिर में माता वैभव लक्ष्मी का भी एक छोटा मंदिर बना है। इसका पुजारी जीतेन्द्र मंदिर में दर्शन करने आने वाली महिलाओं की पूजा करते समय अश्लील वीडियो बना लेता था।

आज भी वह एक महिला का पूजा करते समय अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा था तभी महिला के पति विजय ने उसे देख लिया। विजय के शोर मचाने पर लोगों ने पुजारी को पकड़ लिया। विजय ने 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने विजय की शिकायत पर पुजारी जीतेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। 

आरोपी के मोबाइल में मिले कई महिलाओं के अश्लील वीडियो 
आरोपी जीतेन्द्र के मोबाइल में कई महिलाओं के दर्शन करते समय के अश्लील वीडियो और फोटो मिले है। पुलिस का कहना है कि पुजारी को गिरफ्तार कर उसके मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है जिससे पता चल सके कि उसने अबतक कितनी महिला भक्तों को अपना शिकार बनाया है। पूछ ताछ में यह भी पता चला है कि यह पुजारी पीड़ित महिला को झाडफ़ूक करने के नाम पर रात बारह बजे बुला रहा था। महिला शायद इसके झांसे में फंस भी जाती अगर उसके पति ने पुजारी की हरकत पकड़ न ली होती।

पुजारी मोबाइल में बना रहा था अश्लील वीडियो-महिला का पति 
महिला के पति विजय का कहना है कि हम लोग माता वैभव लक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे। मेरी पत्नी दर्शन कर रही थी तभी मैंने देखा कि पुजारी मोबाइल में वीडियो बना रहा है जो गंदा था। मैंने इसको टोका तो यह मोबाइल लेकर भाग गया और बाहर जाकर मेरी पत्नी का तो वीडियो डिलीट कर दिया। फिर बोला चेक कर लो। जब उसके मोबाइल को चेक किया गया तो उसमें कई महिलाओं के दर्शन करते समय के अश्लील वीडियो मिल गए। 

आरोपी पुजारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार 
एसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि पीड़ित महिला के पति की शिकायत पर आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही अब इस मामले की भी जांच की जा रही है कि कहीं इसने किसी महिला का पूजा के नाम पर यौन शोषण तो नहीं किया है। पुजारी के मोबाइल को फोरेंसिक जांच करने को भेजा जा रहा है। 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static