कुर्बानी के पर्व बकरीद पर सजी बकरा मंडी, लाखों की कीमत में बिक रहे बकरे

punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2017 - 11:58 AM (IST)

आगरा(बृज भूषण): देशभर में 2 सितंबर को बकरीद मनाई जाएगी। इसके लिए बकरों की खरीदारी शुरू हो गई है। शहर के साथ गांवों में भी बकरे खरीदने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस बार ढाई लाख रुपए तक का बकरा बिक रहा है। बकरीद पर कुर्बानी के लिए सभी अपनी क्षमता के अनुसार ही बकरा खरीदते हैं। सबसे महंगे बकरे राजस्थानी, तोतापरी और अलवरी होते हैं। इनकी कीमत 60 हजार से शुरू होती है। राजस्थानी और तोतापरी बकरा 3 लाख तक के मिलते हैं।

वहीं पशु व्यापारी कमालउद्दीन ने बताया कि आगरा में लगने वाली हाॅटों में सबसे ज्यादा राजस्थानी, अलवरी, तोतापरी, बर्बरा और देसी बकरे खरीदे जा रहे हैं। इसके अलावा सिरोही, बीतल, सोजत, बरबरी, सुरती, नाची, जलावादी, चिगु बकरे की भी काफी मांग है। इन हाॅटों में सबसे कम 10 हजार और सबसे महंगा बकरा ढाई लाख रुपए तक का बिक रहा है। उन्होंने  कहा कि अभी और महंगे बकरे आने हैं। बर्बरा बकरा 20 से 40 हजार तक में मिलता है। सबसे ज्यादा देसी बकरा खरीदा जाता है। इसकी कीमत 10 हजार से लेकर 30 हजार तक की होती है।

आगरा के मंटोला निवासी मोहम्मद अमजद कुरैशी इस बार ईद पर अपने प्यारे तोतापरी बकरे की कुर्बानी देंगे। अमजद के अनुसार ये बकरों की सबसे बेहतर नस्ल है। 2 साल से इसे उनके परिवार में पाला जा रहा है। इस बकरे की खास बात है कि ये जमीन में पड़ा हुआ चारा नहीं खाता। बर्तन या ऊंची जगह पर रखा हुआ खाना ही खाता है। सफाई पसंद होने के कारण गंदगी में नहीं रहता। इसका वजन 200 किलो तक होता है।

उन्होंने बताया कि बकरीद पर कुर्बानी के लिए खरीदे जाने वाले बकरे को कुछ दिन तक घर में रखकर उसकी देखभाल की जाती है। उसे खूब खिलाया पिलाया जाता है। इसके बाद कुर्बानी होती है। अपने प्रिय जानवर की कुर्बानी देने का रिवाज है। ये भी देखा जाता है कि बकरे के काम से कम 2 दांत निकले हों और वो अपनी मां का दूध न पीता हो।

आगरा शहर में भी कई जगह पर बकरों की हॉट लगती है। सबसे पुरानी हाॅट मीरा हुसैनी चौराहा पर लगती है। ये ईद का चांद दिखने के बाद से लगना शुरू हो जाती है और ईद से एक दिन पहले रात के समय तक लगती है। करीब 10 दिन तक लगने वाली इस हाॅट में एक से एक महंगे बकरों की बिक्री होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static