कब्रिस्तान से 2 मासूमों के शवों की चोरी, परिजनों ने बताया तांत्रिक का हाथ

punjabkesari.in Wednesday, Jan 03, 2018 - 09:35 AM (IST)

बुलंदशहर(इकबाल सैफी): यूपी के बुलंदशहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब कुछ दिन पहले दफन किए गए 2 मासूमों के शव कब्र में नहीं मिले। दरअसल मृतक के परिजन मासूमों की कब्र पर फातिहा पढ़ने कब्रिस्तान आए थे। उन्होने देखा कि मासूम की कब्र खुदी हुई है और कब्र से शव गायब है। परिजनों का मानना है कि मासूमों के शव निकालने के पीछे तांत्रिकों का हाथ है।

जानकारी के मुताबिक मामला जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र के आहार रोड पर स्थित कब्रिस्तान का है। जहां शमसुद्दीन के 1 माह और नाजरीन के 7 दिन के बच्चे की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। बच्चों के शवों को कब्रिस्तान में दफनाया गया। वहीं दोनों ही परिवारों के मुखिया अपने बच्चों की कब्र पर हर रोज सुबह फातिहा पढ़ने आते थे, लेकिन मंगलवार जब शमसुद्दीन फातिहा पढ़ने कब्रिस्तान आया तो बच्चे का शव कब्र में नहीं था।

परिजनों की माने तो मासूमों के शव निकालने के पीछे तांत्रिकों का हाथ है क्योंकि जिस तरह से कब्र को खोदा गया है, उस तरह कोई जानवर मिट्टी नहीं खोद सकता है। वहीं कब्र से शव गायब होने की सूचना से पुलिस के हाथ पैर फुल गए। आनन-फानन में अधिकारियों ने पुलिस की कई टीमों का गठन कर मामले की जांच के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि कब्र से शव किसने निकाले हैं या फिर शव निकालने के पीछे का मकदस क्या है ये तो जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static