आगरा में सफाईकर्मी को मिला हैंड ग्रेनेड, जांच में जुटी बम स्क्वॉयड टीम

punjabkesari.in Thursday, May 18, 2017 - 12:50 PM (IST)

आगरा(बृज भूषण): ताजनगरी आगरा के सदर तहसील के पास गुरुवार को नाला साफ कर रहे सफाईकर्मी को पिचकारी जैसी चीज दिखी। सफाईकर्मी ने जब उसे उठाया तो उसके वजन से उसे एहसास हुआ कि यह हैंड ग्रेनेड है। इसके बाद बम स्क्वॉयड ने इसे अपने कब्‍जे में ले लिया। यह सक्रिय है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

दरअसल, सदर तहसील के पास शांतिनगर में सफाई कर्मी राहुल नाला साफ कर रहा था। तभी उसे नाले से पिचकारी जैसी चीज दिखाई दी। राहुल ने बताया कि उसने पिचकारी समझकर फेंकने के लिए इसे उठा लिया। वजन में करीब दो किलोग्राम का महसूस हुआ। तभी लगा कि यह पिचकारी नहीं कुछ और चीज है। उसने यहां के निवासियों को इसके बारे में बताया। तब लोगों ने कहा कि यह हैंड ग्रेनेड है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची। उसने वहां 20 मीटर की दूरी तक जगह खाली करवा ली। इसके बाद बम निरोधक दस्‍ता ने इसे अपने कब्‍जे में ले लिया। मौके पर पहुंची बीडीएस की टीम के प्रभारी ने बताया कि मौके से हैंड ग्रेनेड मिला है। नाले में होने की वजह से इसमें गंदगी थी। इस हैंड ग्रेनेड को बम निरोधक दस्‍ता जांच कर रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह सेना या पुलिस का तो नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static