CM योगी ने सांप छछूंदर के बाद अब विपक्ष को बताया जूठन पर पलने वाले सर्कस के शेर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 28, 2018 - 06:51 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में आज सपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि समाजवाद की परिभाषा मुझे सपाइयों से सीखने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवाद समाजसेवा नहीं बल्कि धोखा है और ये समाजवाद समाप्त हो गया है। ये समाजवाद बहरूपिया बनकर रह गए हैं, ये समाजवाद देश नहीं चाहता है बल्कि राष्ट्रवाद चाहिए और प्रदेश रामराज चाहता है।

योगी ने सपा पर साधा निशाना
उन्होंने सपाइयों से पूछा कि बताइए समाजवाद शब्द संविधान में कब आया। सीएम की इस बात का सपा नेता अहमद हसन ने विरोध जताया और सपा सदस्यों ने खूब नारेबाजी और हंगामा किया। अहमद हसन ने कहा समाजवाद सच्चाई है और धोखे शब्द को कार्यवाही से हटाया जाए।

कुछ लोग आज कल सर्कस के शेर हो गए हैं- योगी
इतना ही नहीं योगी ने कहा कि विपक्ष निराधार बात कर रहा है। सीएम ने कहा कि कुछ लोग आज कल सर्कस के शेर हो गए हैं। जिस प्रकार सर्कस के शेर दूसरे की जूठन पर पलते हैं उन्हें इसी में आनंद आता है कि उन्हें शिकार प्राप्त हो रहा है। जिन स्थितियों में हमें प्रदेश मिला था वह बहुत भयावह था। हमारा बजट जनविरोधी नहीं,15 वर्षो तक गरीबों को विधुत कनेक्शन नहीं, आवास नहीं यहां कौन सरकार थी। सभी चीनी मिलें हम चलाने जा रहे हैं, किसान गन्ना नहीं जलाएगा। जब तक खेतों मे गन्ना है चीनी मिल नहीं बंद होगी। हमारी सरकार में एक वर्ष में 40 लाख से अधिक गरीबों को निजी शौचालय दिया गया है।

योगी ने सपा राज को बताया गुंडाराज
उन्होंने कहा कि विपक्ष का कहना कि महज 20 से 50 फ़ीसदी ही बजट खर्च किया है, ये बातें निराधार हैं। बिजली का 95%, ग्राम्य विकास का 100%, खाद्य का 100%, सिचाई का 88%, चिकित्सा शिक्षा का 83%  और गृह विभाग का 100% बजट खर्च किया जा चुका है। इससे पहले सपाराज को गुंडाराज बताने पर सपा सदस्य शतरुद्र प्रकाश ने कहा कि अगर समाजवाद गुंडाराज है तो हां हम गुंडा हैं।

गुण्डाराज कहने पर विपक्ष तिलमिलाया 
सीएम योगी इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने कहा कि सपा राज को गुण्डाराज कह डाला। जिस पर विपक्ष खूब तिलमिलाया। इससे पहले सपा सदस्य राजपाल कश्यप ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के 85 फीसदी लोगों को आरक्षण प्राप्त है, लेकिन बीजेपी सरकार उसे पूरी तरह से खत्म करने की साजिश रच रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static