आज है नवरात्र का पहला दिनः मां शैलपुत्री की पूजा के लिए मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 10:39 AM (IST)

इलाहाबादः नवरात्र के पहले दिन आज संगम नगरी इलाहाबाद के देवी मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। नवरात्र हर्ष उल्लास और सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाला त्यौहार है। शारदीय नवरात्र के पहले दिन दुर्गा की पहली शक्ति मां शैलपुत्री की आराधना का विधान है।

पहले नवरात्र मां शैलपुत्री की जाती है पूजा
मां शैलपुत्री को प्रसन्न करने के लिए उनकी पूजा करने से  भक्तों पर कृपा अवश्य होती है। नवरात्र के इन दिनों आराधना करते समय आप कुछ बातों का ध्यान रखते हुए जीवन के सभी संकटों को दूर करके अपने जीवन को अपार खुशियों से भर सकते हैं।

मंदिरों में सुबह से ही लगा भक्तों का तांता 
वहीं इलाहाबाद की शक्तिपीठ कल्याणी देवी समेत दूसरे देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है और लोग देवी मां के दर्शन-पूजन कर उनसे अपनी कामनाएं पूरी होने का आशीर्वाद ले रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन शक्ति पीठ कल्याणी देवी, ललिता देवी मंदिर और अलोप शंकरी समेत दूसरे देवी मंदिरों में शैलपुत्री रूप में मां का श्रृंगार किया गया है। देवी मां अपने इस स्वरुप में भक्तों को दर्शन देते हुए उनका कल्याण करती हैं।

सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम 
नवरात्र पर देवी मंदिरों को ख़ूबसूरती से सजाया गया है तो साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। शक्तिपीठ कल्याणी देवी मंदिर में शैलपुत्री स्वरुप में मां की भव्य आरती कर देर रात ही मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। आरती के वक्त मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए देवी गीत भी गाए। नवरात्र के पहले दिन ज़्यादातर श्रद्धालु व्रत रखे हुए हैं। इलाहाबाद की शक्तिपीठ में देवी मां राज राजेश्वरी त्रिपुर सुन्दरी स्वरुप में विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देती हैं व उनका कल्याण करती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static