परिवहन निगम में 22 दिन से कम ड्यूटी करने वाले संविदा कर्मचारियों की होगी छुट्टी

punjabkesari.in Sunday, Nov 05, 2017 - 11:47 AM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में 22 दिन से कम ड्यूटी करने वाले चालकों और परिचालकों की सेवाएं समाप्त होंगी। इसी क्रम में मेरठ में 20 परिचालकों की संविदाएं समाप्त कर दी गई हैं। साथ ही एक दर्जन संविदा कर्मचारियों को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

जिले के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि परिवहन निगम के संविदा कर्मचारी आए दिन बिना बताए अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित हो जाते हैं। जिसके चलते परिवहन निगम की संचालन व्यवस्था बाधित होती है। संचालन व्यवस्था बाधित होने से निगम को आर्थिक हानि तो होती ही है, साथ ही यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए संविदा चालकों और परिचालकों के लिए कम से कम 22 दिन की ड्यूटी अनिवार्य कर दी गई है। इसका पालन न करने वाले चालकों और परिचालकों को निगम से बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है।

शुक्ला के अनुसार ताजा कार्रवाई में 20 संविदा परिचालकों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, जबकि अपनी ड्यूटी से लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे एक दर्जन संविदा कर्मचारियों को ड्यूटी पर हाजिर होने के लिए उनके घरों पर नोटिस भेजे गए हैं। यदि तय अवधि में संविदा परिचालक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static