नेवी में नौकरी के नाम पर सैकड़ों लोगों से फर्जीवाड़ा, करोड़ों लेकर कंपनी फरार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 13, 2017 - 03:44 PM (IST)

इलाहाबाद: इलाहाबाद में नेवी के कांट्रैक्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर सैकड़ों बेरोजगारों के साथ फर्जीवाड़े के मामला सामने आया है। कंपनी करीब करोड़ से ऊपर की मोटी रकम हड़पकर फरार हो गई है।

करोड़ो रुपए वसूलने के बाद कंपनी फरार
इलाहाबाद की इस कंपनी ने मुंबई में नेवी में कांट्रैक्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर तकरीबन 4 सौ से ज़्यादा लोगों से लाखों रूपए की वसूली की। लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए उन्हें फर्जी कांट्रैक्ट लेटर और आईकार्ड जारी किए। तकरीबन एक करोड़ रूपए वसूलने के बाद कंपनी सारा सामान लेकर फरार हो गई।

इस तरह से करते थे जालसाजी
दरअसल इलाहाबाद के पाश इलाके सिविल लाइंस में कुछ महीने पहले इंटरनेशनल लिंक के नाम से जॉब प्लेसमेंट कंपनी खोली गई। कंपनी का दफ्तर बेहद शानदार था। कंपनी ने कुछ दिनों पहले मुंबई में नेवी में कांट्रैक्ट पर नौकरी दिलाने का विज्ञापन निकाला। तकरीबन एक हजार लोगों से इंटरव्यू लेकर उनसे बारह हजार से 60 हजार रूपए वसूले गए। कोई शक न करे, इसलिए शुरू में किसी से कोई पैसे नहीं लिए गए।

मुंबई भेजने की कही थी बात
पिछले हफ्ते 381 लोगों को एप्वाइंटमेंट लेटर देकर उनसे पैसे जमा कराए गए। बताया गया कि इन सेलेक्ट लोगों को ग्यारह जून को दोपहर बारह बजे बसों से मुंबई भेजा जाएगा। बस में भेजने और रास्ते के खाने के नाम पर अलग से पैसे वसूले गए।

लोगों को दफ्तर पर जड़ा मिला ताला
वहीं लोगों ने बताया कि उन्हें 20 से 45 हजार रूपए तनख्वाह की बात कही गई थी। जब लोग सामान लेकर कंपनी के दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ मिला। कंपनी से जुड़े सभी लोगों के मोबाईल भी बंद हो गए थे।

50 से अधिक लोगों ने कराया मामला दर्ज
पता चला कि कंपनी के लोग रात को ही सारे बड़े सामान भी ट्रक पर लाद ले गए थे। लोग रात को सिविल लाइंस थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 50 से अधिक लोगों ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। वहीं इलाहाबाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। फ़िलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

UP CRIME NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें- 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static