पुराने विवाद में दबंगों ने की गर्भवती महिला से मारपीट, पुलिस ने नहीं की सुनवाई
punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2017 - 02:39 PM (IST)
कानपुरः कानपुर में पुराने विवाद को लेकर दबंगों ने गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। वहीं जब पीड़ित महिला मामले की शिकायत करने थाने पहुंची तो उसकी बात नहीं सुनी गई। आरोपी इसके बाद से फरार है।
मामला कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के रिवरी इटैली गांव का है। जानकारी के मुताबिक छोटी नाम की गर्भवती महिला घर पर अकेली थी। तभी गांव के कुछ दबंग रामबली, रोहताब, वीरेंद्र, अरविंद महिला के घर में घुस आए और महिला की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। पीड़ित महिला के शोर मचाने पर चारों दबंग मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिला ने बताया कि पति घर पर नहीं थे। मैं और मेरा बच्चा घर पर थे। तभी 4 लोग घर के अंदर आए और मारपीट करने लगे। जिनके साथ पुराना विवाद चल रहा है। पीड़िता ने कहा कि जब मैंने इसकी शिकायत रसूलाबाद थाने में की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां मेरे आदमी को बैठा लिया और दूसरी पार्टी को छोड़ दिया।
वहीं रसूलाबाद के सीओ महेंद्र पाल का कहना है कि हमारे संज्ञान में मामला आया है। शिकायत दर्ज करने का आदेश दे दिया गया है। महिला को मेडिकल कराने के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
UP HINDI NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें