अवैध वैंडरों पर आर.पी.एफ. ने कसी नकेल

punjabkesari.in Thursday, Dec 07, 2017 - 07:53 PM (IST)

सहारनपुर: सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वैंडरों की शामत आ गई है। बुधवार को आर.पी.एफ. की टीम ने स्टेशन और ट्रेनों से सामान बेचते 5 वैंडरों को पकड़ उनका चालान किया। ऐसा लगता है कि आने वाले दिनों में स्टेशन से अवैध वैंडरों की फौज गायब हो जाएगी।

आर.पी.एफ. की वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अंबाला कमलजोत बराड़ के निर्देशानुसार इंस्पैक्टर संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में स्टेशन पर खानपान का सामान बेचने वाले अवैध वैंडरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की कड़ी में आज आर.पी.एफ.. ने रेलवे स्टेशन से कई अवैध वैंडरों को पकड़ा। जिनमें से 5 अवैध वैंडरों को आर.पी.एफ. थाना लाकर उनका चालान किया गया। यहां आपको बता दें कि वर्ष 2016 में 1100 अवैध वैंडरों का चालान काटा गया है, जबकि इस साल यह संख्या बढ़ गई। इस साल में अब तक 1300 अवैध वैंडरों के चालान काटे जा चुके हैं।

इस अभियान में अवैध वैंडरों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। आर.पी.एफ. इंस्पैक्टर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले साल की तुलना इस साल 1300 अवैध वैंडरों के चालान किए गए हैं। यह संख्या अभी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन को अवैध वैंडर रहित बनाया जाएगा। अवैध वैंडरों के कारण ही यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होती है। कई मामले ऐसे आ चुके हैं, जिनमें वैंडरों की संलिप्ता पाई गई है, जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रियों को सुरक्षित सफर कराना आर.पी.एफ. की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेनों में किसी यात्री को परेशानी हो रही है तो वह रेलवे हैल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें, उसे तुरंत सहायता दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static