राहुल गांधी पर फेंका गया जूता, आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Sep 26, 2016 - 07:54 PM (IST)

सीतापुर: यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर किसान यात्रा कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जूता उछाला गया है। राहुल गांधी रोड शो के दौरान लोगों से मिल रहे थे। जूता फेंकने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो साथी फरार हो गये। देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा लेकर निकले राहुल गांधी सीतापुर शहर में रोड शो कर रहे थे। इसी बीच, उनके ऊपर हरिओम मिश्रा नाम के एक युवक ने जूता फेंक दिया। 

सुरक्षाकर्मियों ने किया गिरफ्तार 
राहुल गांधी के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया। हरिओम मिश्रा के साथ उसके दो साथी भी जूता फेंकने में शामिल बताये गये हैं। पुलिस उन दोनों की तलाश कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष पर जूता फेंकने के आरोप में गिरफ्तार युवक ने अपने को पत्रकार बताया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसके दो साथी आशीष निषाद और अनुज सक्सेना फरार हो गये हैं।

‘राहुल गांधी से नाराजगी की वजह से फेंका जूता’
आरोपी हरिओम ने पकड़े जाने के बाद कहा कि वह कांग्रेस और राहुल गांधी से नाराज है। उसने कहा कि 60 साल जब देश में कांग्रेस ने राज किया तब किसानों की बदहाली याद नहीं आई? आज वह यात्रा कर किसानों की बदहाली की बात कर रहे हैं। साथ ही उसने कहा कि 18 जवान देश की सीमा पर मारे गए तब भी राहुल को उनका रोड शो याद रहा। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देने की जरूरत नहीं महसूस की। उनके पास शहीदों को श्रद्धांजलि देने का समय नहीं है। वह सिर्फ चुनावी रैलियों में ही मस्त हैं। वह सिर्फ मोदी सरकार पर आरोप ही लगा रहे हैं कि उन्होंने कर्जा माफ नहीं किया। लेकिन खुद राहुल ने अपने कार्यकाल में किसानों के लिए कुछ नहीं किया। अगर मौका मिलता तो दूसरा जूता भी फेंकता। हालांकि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। 

राहुल ने RSS-BJP पर लगाया आरोप
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इस घटना के पीछे बीजेपी और आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया है। राहुल ने कहा है कि RSS-BJP जितना मर्जी जूता फेंके मैं डरने वाला नहीं हूं। राहुल ने कहा है कि जूता उन्हें नहीं लगा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static