तीन तलाक के चलते जीजा ने साले को मारी गोली, गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 04:23 PM (IST)

सिद्धार्थनगरः उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में दिलदहला देने वाला मामला सामनेे आया है। जहां एक जीजा ने अपने ही साले को गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल रशीद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

जानकारी के मुताबिक मामला सदर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर गांव का है। यहां के रहने वाले आरोपी निसार की शादी अपने ही गांव की रहने वाली साबिया से हुई थी। 24 साल पहले हुई शादी से साबिया और निसार के 4 बच्चे भी हैं। किसी बात को लेकर 8 साल पहले निसार ने अपनी पत्नी साबिया को तलाक दे दिया था और दूसरी शादी कर ली थी। बेसहारा साबिया ने बच्चों का पालन-पोषण के लिए न्यायालाय का दरवाजा खटखटाया। काफी लंबे समय के बाद कोर्ट ने साबिया को निसार के साथ रहने की इजाजत दे दी।

निसार किसी भी कीमत पर पहली पत्नी को हिस्सा देना नहीं चाहता था। साबिया के तरफ से उसके मुकदमे की पैरवी उसका घायल भाई रशीद करता था। इसी बात को लेकर निसार काफी नाराज चल रहा था। फिर क्या था निसार ने इसी बात का बदला लेने के लिए रशीद को गोली मार दी। जिसके बाद पुलिस ने निसार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से असलहा और कार भी बरामद कर ली है। निसार के बड़े बेटे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस वारदात में उसका भी हाथ है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static