श्री राम महोत्सव के जरिए राम मंदिर की अलख जगाएगा विहिप

punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 06:57 PM (IST)

अयोध्या: अयोध्या में विवादित रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद ने देश के सवा लाख गांवों में श्री राम महोत्सव का आयोजन किया है। विहिप के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि अयोध्या में विवादित रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए देश के सवा लाख गांवों में राम महोत्सव का आयोजन रविवार से शुरू हो गया है। यह महोत्सव 31 मार्च तक चलेगा। 

7 हजार स्थानों पर राम महोत्सव का आयोजन 
उत्तर प्रदेश के संगठानिक लखनऊ क्षेत्र में सात हजार स्थानों पर राम महोत्सव का आयोजन किया गया है। इन आयोजनों के लिये स्थानीय समिति भी बनाई गई हैं। वासंतिक नवरात्र के अवसर पर शुरू हो रहे हिन्दी नववर्ष के प्रथम दिन से लेकर नौ सौ सत्र के अंतिम तक प्रतिदिन स्थान-स्थान पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड के पाठ के साथ-साथ अलग-अलग शोभा यात्राओं का स्वागत भी किया जाएगा।   

25 मार्च को रामनवमी के पर्व पर प्रभु राम का प्राकट्योत्सव 
उन्होंने बताया कि 25 मार्च को रामनवमी के पर्व पर प्रभु राम का प्राकट्योत्सव सामूहिक रूप से मनाया जाएगा। पुन: चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर 31 मार्च को देश भर में हनुमान जयंती तथा देर शाम एक साथ महाआरती का भी आयोजन किया गया है। विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व केन्द्रीय मंत्री पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने कहा कि राम महोत्सव का आयोजन तो प्रतिवर्ष होता है लेकिन इस बार देश भर के रामभक्त अपने-अपने घरों में भी उत्सव का आयोजन करेंगे।

महोत्सव के आयोजन से मंदिर निर्माण की बाधायें होंगी दूर 
संगठानिक स्तर पर उत्सव का उद्देश्य आध्यत्मिक के साथ-साथ सामाजिक भी होता है जिसमें शामिल होकर आमजन को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास होता है।  राम महोत्सव के आयोजन से मंदिर निर्माण की सभी बाधायें दूर होंगी तभी मंदिर का निर्माण होगा। गौरतलब है कि विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की ओर से पिछले साल 24 से 27 नवंबर को आयोजित धर्म संसद में संतों ने निर्णय लिया था कि देश के सवा लाख गांवों में सामूहिक रूप से 18 से 31 मार्च तक राम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static