आखिर ऐसा क्या हुआ कि होटल के कमरे में जाकर प्रेमिका को लगाई आग

punjabkesari.in Tuesday, Sep 13, 2016 - 11:57 AM (IST)

आगरा: प्रेम में साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं लेकिन ऐसा क्या हुआ कि एक प्रेमी ने प्रेमिका को जलाकर मारने की साजिश रच डाली। यह घटना शहर के थाना सदर क्षेत्र के होटल सिप्पी में घटित हुई। सोमवार की सुबह 9 बजे इस होटल में एक युवक लड़की के साथ आया। उसने होटल वालों से कमरा लिया। इसके लिए उसने अपनी आई.डी. जमा की थी। 

वोटर कार्ड के अनुसार युवक का नाम संदीप पुत्र अशोक कुमार निवासी इटौरा थाना मलपुरा है। होटल कर्मियों ने बताया कि होटल के कमरे से उन्होंने लड़की के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी। वे दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि लड़की आग की लपटों से घिरी हुई थी। लड़का वहां से फरार हो चुका था। बंद कमरे में संदीप और उसकी प्रेमिका के बीच क्या बात हुई, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। 

थाना सदर पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंच गए। लड़की को एस.एन. अस्पताल की एमरजैंसी ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए दिल्ली रैफर कर दिया गया। इस मामले में लड़की के परिजनों ने आरोपी युवक संदीप के खिलाफ  थाना सदर में मुकद्दमा दर्ज करवाया है।

जांच में जुटी पुलिस 
पुलिस ने बताया कि संदीप और लड़की के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। परिजन दोनों की शादी के लिए भी राजी हो गए थे। शादी की अभी तारीख फि क्स नहीं की गई थी, फिर ऐसा क्या हुआ, जो लड़के ने इस वारदात को अंजाम दिया। होटल के कमरे में कैरोसिन कहां से आया। ऐसे तमाम सवाल हैं, पुलिस जिनके जवाब तलाश रही है।