सर्राफा एसोसियेशन के महामंत्री पर जानलेवा हमला : BJP नेता करेंगे आईजी का घेराव

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2015 - 01:20 PM (IST)

आगरा:  उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में बेखौफ बदमाशों ने आगरा सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री को सरेराह गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सर्राफा व्यापारियों पर ताबडतोड हो रहे जानलेवा हमलों के विरोध में केन्द्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया आज धरना देंगे। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने कल देर रात एमएम गेट क्षेत्र में आगरा सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री धन कुमार जैन उर्फ धन्नू को उस समय गोली मार दी जब वह घर के सामने कार से उतर रहे थे।

सर्राफा एसोसियेशन ने बेखौफ बदमाशों द्वारा सर्राफा व्यापारियों को निशाना बनाए की कडी भत्र्सना करते हुए बाजार बंदी की चेतावनी दी है। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री और स्थानीय भाजपा सांसद राम शंकर कठेरिया ने हमलों की बढती वारदातों के पीछे लचर कानून व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस महानिरीक्षक के दफ्तर के बाहर धरना देने का एलान किया।

इस अवसर पर भाजपा के दोनों विधायक योगेंद्र उपाध्याय, जगन प्रसाद गर्ग के अलावा संगठन के अन्य नेता भी साथ होंगे। भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में अपराध रिकार्ड तोड़ रहा है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। पिछले पांच महीनों के दौरान आगरा में कम से कम छह सर्राफा व्यापारियों को निशाना बनाया जा चुका है।