आगरा से भी उठी ‘प्रियंका लाओ कांग्रेस बचाओ’ की बात

punjabkesari.in Thursday, May 12, 2016 - 09:21 AM (IST)

आगरा:  प्रियंका गांधी यू.पी. के लिए राइट च्वाइस हैं। यदि वह यू.पी. विधानसभा 2017 में कांग्रेस का चेहरा बनती हैं, तो निश्चित ही जादुई आंकड़े सामने आएंगे।

कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पी.के.) की अध्यक्षता में लखनऊ में हुए सम्मेलन में पूरी यू.पी. से गए 620 जिला व शहर अध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेताओं ने पी.के. के सामने यह बात रखी। पूरे सम्मेलन के दौरान प्रियंका गांधी का नाम बार-बार चर्चा में आता रहा। हालांकि पी.के. ने इस मामले में अभी कोई स्पष्ट बात नहीं की, लेकिन कहीं न कहीं कांग्रेसियों की मांग पर सोचने के लिए मजबूर जरूर कर दिया है। 

आगरा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने बताया कि प्रशांत किशोर ने सम्मेलन के दौरान कहा कि हर कदम पर कार्यकर्त्ता मजबूती के साथ खड़े रहें। अब वक्त कांग्रेस का आने वाला है। बस धैर्य रखना होगा और मजबूती के साथ आगे बढऩा होगा, तभी जीत हासिल कर पाएंगे। उन्होंने संगठन मजबूती को लेकर जोर दिया। साथ ही कहा कि चुनाव में बहुत अधिक समय नहीं है, इसलिए गली-गली और गांव-गांव जाकर लोगों में पैठ बनाना शुरू कर दें। 

इस बैठक में शहर व जिलाध्यक्षों का सबसे बड़ा सवाल था कि इस बार यू.पी. विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से चेहरा कौन बनेगा। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने बताया कि इस सवाल को वह हंस कर टाल गए और कहा कि थोड़ा धैर्य रखिए, जो होगा वह बेहद शानदार होगा। इस बार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जादुई आंकड़ा छुएगी, बस थोड़ी सी मेहनत की जरूरत है। इस बीच प्रियंका गांधी के लिए आवाज उठी, लेकिन मंचस्थ पदाधिकारी इस पर चुप रहे।