सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़, 4 कॉलगर्ल और 4 ग्राहक गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 02, 2016 - 03:11 PM (IST)

आगरा (बृज भूषण): दिल्ली में बड़े सेक्स रैकेट के पर्दाफाश के बीच आगरा के सिकंदरा के होटल कृष्ण कान्हा में अनैतिक देह व्यापार का खुलासा हुआ है। सिकंदरा थाने के पास रिहाइशी कॉलोनी में बने होटल में दिल्ली और कानपुर से युवतियां लाई गई थीं। गुरुवार को पुलिस ने छापा मारकर होटल मालिक, मैनेजर समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें 4 युवतियां और 4 ग्राहक शामिल हैं। 

जानकारी के अनुसार सिकंदरा आरओबी के पास कॉलोनी में होटल कृष्ण कान्हा स्थित है। इसमें देह व्यापार का धंधा चलने की शिकायतें आ रही थीं। एएसपी हरीपर्वत अनुराग वत्स ने गुरुवार शाम 7 बजे महिला कांस्टेबल और कई थानों के पुलिस फोर्स के साथ होटल की घेराबंदी कर ली। वहां 2 कमरों में से 4 युवतियां और 4 युवक पकड़े गए। पुलिस ने होटल मालिक चंद्रमोहन उर्फ मनोज यादव और मैनेजर मनोज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

ग्राहकों में जलेसर निवासी महेंद्र, हरेंद्र, सिरसागंज निवासी रवि और सादाबाद निवासी पंकज शामिल हैं। पुलिस द्वारा हिरासत में ली गईं 4 युवतियों में से 3 दिल्ली और 1 कानपुर की रहने वाली है। इनमें से 2 विवाहित हैं। होटल में युवतियों के लिए आने वाले ग्राहकों को व्हाट्सएप्प पर फोटो भेजे जाते थे। इसके आधार पर ही रेट का सौदा होता था।

युवतियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्हें होटल मालिक 15 दिन के लिए पंद्रह हजार रुपए देकर बुधवार को ही लाया था। होटल में रहने और खाने का इंतजाम था। एएसपी अनुराग वत्स ने बताया कि गिरफ्तार किए गए होटल संचालक चंद्रमोहन यादव, मैनेजर मनोज गुप्ता, युवक और युवतियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 

वहीं दूसरी तरफ फिलहाल पुलिस इस रैकेट के और सदस्यों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने इस होटल को सील कर दिया है। लेकिन जिस होटल में ये धंधा चल रहा था वह होटल कृष्ण कान्हा में 2 वर्ष पहले भी सेक्स रैकेट पकड़ा गया था। पुलिस ने उस समय होटल को सील किया। मगर, बाद में उसकी सील फिर खुल गई। इसमें धड़ल्ले से देह व्यापार का खेल चल रहा था। कॉलोनी वाले इससे परेशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।