चाचा-भतीजे की सरकार UP को विकास के रास्ते पर नहीं ले जा सकती: शाह

punjabkesari.in Thursday, Sep 29, 2016 - 07:31 AM (IST)

माया के राज में रुका प्रदेश का विकास

आगरा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने फरह के पंडित दीनदयाल धाम से सपा और बसपा पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि यू.पी. में जिस प्रकार से शासन किया जा रहा है उससे स्पष्ट है कि चाचा-भतीजे की सरकार यू.पी. को विकास के रास्ते पर आगे नहीं ले जा सकती है। यू.पी. की जनता ने सपा-बसपा का चलन 15 साल तक देखा है।

इससे यू.पी. को सबसे पिछड़ा प्रदेश बना दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने बसपा से नाराज होने पर सपा और फि र सपा से नाराज होने पर बसपा को प्रदेश की कमान सौंप दी। आखिर कब तक सपा और बसपा का यह क्रम चालू रहेगा। बिजली, पानी हर गांव में पहुंच गया, लेकिन यू.पी. के कई गांवों में कोई सुविधा नहीं है। गांवों में रोजगार पहुंचा, लेकिन उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं पहुंचा।

शाह ने कहा कि जिस प्रदेश से वे आते हैं वहां 1200 फुट नीचे पानी निकालने के लिए जाना पड़ता है। यू.पी. में गंगा-जमुना की कृपा है लेकिन यहां फिर भी विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि माया के राज में प्रदेश का विकास रुक गया था। भाजपा अध्यक्ष ने मायावती की सरकार को भ्रष्टाचार की सरकार बताया तथा समाजवादी पार्टी पर भी परिवारवाद को लेकर हमला किया।