‘अखिलेश जी कृपया रूसी बहू की मदद करें’

punjabkesari.in Monday, Jul 11, 2016 - 08:28 AM (IST)

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रूसी बहू द्वारा आमरण अनशन किए जाने की मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से हस्तक्षेप का आग्रह किया है।

उत्तर प्रदेश में आगरा स्थित ससुराल के लोगों के कथित अत्याचार के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठी रूसी महिला का आरोप है कि उनके ससुरालवालों ने उसे और उसकी नन्ही सी बेटी को धक्का मारकर घर से निकाल दिया है। इस महिला का आरोप है कि उसके ससुरालवाले दहेज न लाने के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के एक समाचार चैनल ने एक वीडियो फुटेज जारी किया है,जिसमें उस महिला को ससुराल के बाहर आमरण अनशन पर बैठे दिखाया गया है।

चैनल ने इस फुटेज को ट्वीट किया था और विदेश मंत्री के ट्विटर अकाऊंट के साथ हैशटैग भी कर दिया था। फुटेज में रूसी महिला को यह कहते हुए दिखाया गया है कि उसके ससुरालवालों ने उसे घर से धक्का मारकर बाहर कर दिया है। वह महिला आगरा निवासी विक्रम चंदेल की पत्नी होने का दावा कर रही है। उसने आरोप लगाया है कि उसके सास-ससुर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते हैं।

इसके बाद सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया कि अखिलेश जी कृपया इस महिला की मदद करें। विदेश मंत्री ने अपने ट्वीट के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी टैग किया है।