BJP राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पहले शाह ने की पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक

punjabkesari.in Sunday, Jun 12, 2016 - 03:11 PM (IST)

इलाहाबाद:  भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले अमित शाह के साथ पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक आरंभ हुई। शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, पार्टी महासचिव राम माधव, राम लाल और भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा तथा पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा इस बैठक के लिए पहले ही पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  दोपहर बाद यहां पहुंचेंगे।

सुबह यहां के एक होटल में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक आरंभ हुई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिन में 3 बजे आरंभ होने की संभावना है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का एजेंडा तय किया जा सकता है।  इस 2 दिवसीय बैठक के लिए पार्टी के नेता पहुंच रहे हैं। बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रैली को संबोधित करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि मैं इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकना कहूंगा। पार्टी के उपाध्यक्ष और राज्य के प्रभारी आेम माथुर ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई मुद्दों पर चर्चा होगी लेकिन मुख्य जोर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर होगा। शहर के कई हिस्सों में ‘मिशन 265 प्लस’ के होर्डिंग लगाए गए हैं।