BJP राष्ट्रीय कार्यकारिणी: मोदी-जोशी ने लिया फ्रूट चाट का शेयरिंग जायका

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2016 - 07:22 PM (IST)

इलाहाबाद:  उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा भले ही सी.एम. पद के उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने से अपना पल्ला झाड़ रही है। पार्टी में जुटे बड़े नेताओं ने कार्यकर्त्ताओं को अपनी इच्छा से अवगत करा दिया है। के.पी. कॉलेज ग्रांऊड में आयोजित बैठक में शामिल होने से पहले दयानंद मार्ग स्थित होटल पहुंचे वरुण गांधी की धमाकेदार एंट्री ने सी.एम. उम्मीदवार के नाम पर चल रही बहस को नई दिशा दे दी है। 

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी का चेहरा कौन होगा, इस बात पर अभी कोई फैसला नहीं हो पाया है। सी.एम. पद के उम्मीदवार के लिए वरुण गांधी के साथ-साथ गृह मंत्री राजनाथ सिंह और सांसद योगी आदित्यनाथ के नाम पर भी चर्चा चल रही है। हालांकि कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही पार्टी के बड़े नेता स्पष्ट कर चुके थे कि सी.एम. उम्मीदवार का नाम पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में ही तय होगा। 

बता दें कि नारेबाजी के दौरान होटल में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अरुण जेटली भी मौजूद थे। इसी दौरान जब अरुण जेटली बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी उनका सामना वरुण गांधी से हो गया। वरुण गांधी ने कार्यकर्त्ताओं को चुप कराया और 2 मिनट तक अरुण जेटली से बात की। कार्यकर्त्ताओं का यह उत्साह क्या गुल खिलाता है, यह सी.एम. पद के उम्मीदवार का नाम तय होने के बाद ही साफ होगा।