PM मोदी की नसीहत, समय के अनुसार लाएं अपने में बदलाव

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2016 - 12:19 PM (IST)

इलाहाबाद/लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी की 2 दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को यहां शुरू हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को समय के अनुसार अपने में बदलाव लाने की नसीहत दी है। पी.एम. ने पदाधिकारियों से कहा कि नई सोच, नए विचारों के साथ आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बदलाव होते रहते हैं लेकिन हमें आगे बढ़ते रहना चाहिए। हमेशा नए आइडिया पर विचार करते रहना चाहिए।

करीब 25 मिनट तक चले पदाधिकारियों के संबोधन में पी.एम. ने कहा कि हमें हर हाल में आगे बढऩा है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष को कभी कमजोर नही समझना चाहिए। प्रधानमंत्री ने यू.पी. में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। कैराना में हिंदुओं के कथित पलायन की घटना पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह फेल हो गई है और गृह मंत्रालय गवर्नर राम नाइक की रिपोर्ट तलब करे, उसके बाद राष्ट्रपति को राष्ट्रपति शासन पर फैसला लेना है। 

वहीं रविशंकर प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व की सरकार में पी.एम. को कोई प्रधानमंत्री नहीं समझता था, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। पी.एम. मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की आशा का केंद्र बना है। यू.पी.ए. सरकार में भारत की विकास गाथा समाप्त हुई थी। अब 21वीं सदी भारत की सदी होगी। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उनके यहां पहुंचने पर उनका स्वागत किया।

मोदी का स्वागत करने वालों में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेतली भी शामिल थे।  इससे पहले शाह ने पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और अन्य पदाधिकारियों से लम्बी बातचीत की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव पर चर्चा करने के साथ ही आर्थिक और राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। 

शाह का सपा सरकार पर हमला 
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में मथुरा और कैराना की हाल की घटनाओं को लेकर राज्य की समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में ‘हिंसा का वातावरण’ व्याप्त रहना गंभीर चिंता का विषय है।