कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने लगाए प्रियंका गांधी के विवादित बैनर, बताया दुर्गा

punjabkesari.in Monday, Jul 11, 2016 - 07:33 AM (IST)

इलाहाबाद: प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में कदम रखने के औपचारिक ऐलान से पहले ही उनके नाम को लेकर सियासत गर्माने लगी है। इलाहाबाद के कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने प्रियंका को देवी दुर्गा का अवतार और हिन्द की शेरनी बताते हुए उनकी तस्वीरों के साथ शहर में विभिन्न स्थानों पर बैनर लगाए हैं।

इलाहाबाद कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में प्रियंका के बारे में लिखा गया है कि वो इंदिरा, वो दुर्गा का फिर नया आगाज है, वो हिन्द की है शेरनी, हिन्दुस्तान की आवाज है। पोस्टर में नीचे की तरफ अंग्रेजी में लिखा गया है ‘इंदिरा इज बैक’। इलाहाबाद जिला कमेटी के सचिव हसीब अहमद और शिरीष दुबे द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में प्रियंका गांधी की बड़ी सी तस्वीर के साथ ही इंदिरा-सोनिया और राहुल की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।

पोस्टर लगाने वाले हसीब अहमद और शिरीष दुबे का कहना है कि जिस तरह देवी दुर्गा ने तमाम राक्षसों का संहार किया था उसी तरह प्रियंका गांधी भी राजनीति में सक्रिय होते ही कांग्रेस के दुश्मनों का दमन करेंगी। इन बैनरों को लेकर भाजपा ने कड़ा एतराज जताते हुए इसे देवी-देवताओं का अपमान बताया है और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगने की मांग की है।