फिल्मी स्टाइल में ‘डोली’ से दुल्हन ले उड़ा प्रेमी, देखते रह गए ‘दूल्हा राजा’

punjabkesari.in Wednesday, Mar 30, 2016 - 08:20 PM (IST)

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के जनपद इलाहाबाद में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ससुराल के लिए विदा हुई दुल्हन को उसका प्रेमी दूल्हे और रिश्तेदारों के सामने डोली से उड़ा ले गया। उसने रास्ते में दुल्हन की कार रोकी और खुद को दुल्हन का मौसेरा भाई बताया। दुल्हन ने इसकी पुष्टि कर दी।
 
इसके बाद प्रेमी ने इमोशनल कहानी सुनाते हुए कहा, मेरी मां इसे (दुल्हन) को बहुत प्यार करती हैं। वह गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती हैं। शायद वह नहीं बच सकेंगी। आखिरी बार इसे देखना चाहती हैं। यह सुनकर दूल्हा और रिश्तेदार भी भावुक हो गए। प्रेमी ने बाइक पर दूल्हा-दुल्हन दोनों को बैठाया और कुछ दूर दूल्हे को एक मिठाई की दुकान में उतार दिया। उसके बाद ऐसा फर्राटा भरा कि दूल्हा घंटे भर तक इंतजार ही करता रह गया। देर तक दुल्हन के न आने पर उसे माजरा समझ में आया।
 
फिल्मी स्टाइल में ‘डोली से दुल्हन उड़ाने की घटना इलाहाबाद-भदोही सीमा पर दुर्गागंज थाना क्षेत्र में हुई। इलाहाबाद के सराय ममरेज इलाके के युवक की शादी भदोही के चौर गांव में साल भर पहले हुई थी। शादी के बाद दुल्हन ससुराल नहीं आई थी। मंगलवार को उसका गौना हुआ। तब दूल्हा और उसके रिश्तेदार दुल्हन को लेकर आ रहे थे। दुल्हन-दूल्हे संग कार में थी। जंघई तिराहे के पास बाइक सवार प्रेमी ने कार रोकी और इमोशनल ड्रामा रच कर दुल्हन को ले उड़ा। मामले की तहरीर जंघई चौकी में दी गई है। उधर पुलिस घटना की जानकारी से इनकार कर रही है।