जनता के भरोसे से खेल रहे हैं PM मोदी: राहुल

punjabkesari.in Friday, Sep 16, 2016 - 07:37 AM (IST)

इलाहाबाद: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता के भरोसे से खेलने का आरोप लगाया। 

गांधी ने अपनी किसान यात्रा के दसवें पड़ाव पर यहां रोड शो के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी लोगों के भरोसे से खेल रहे हैं।किसानों, छात्रों की मोदी सरकार को चिंता नहीं है। वह अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से मिलने के लिए कीमती सूट तो बनवाते हैं लेकिन उन्हें गरीबों के तन ढकने की चिन्ता नहीं है। किसान दो वक्त की रोटी के लिए जूझ रहा है। 

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि देश में पूंजीपतियों के कर्ज तो माफ किए जा रहे हैं लेकिन किसानों को कोई पूछने वाला नहीं है। किसानों का कर्ज माफ करने के लिए केन्द्र के पास कोई योजना नहीं है। केन्द्र सरकार ने पूंजीपतियों का 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपयों का कर्ज माफ कर दिया। पूंजीपतियों के पास कोई कमी नहीं है फिर भी उनके कर्ज माफ किए जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार पूंजीपतियों की हमदर्द है। उन्हें किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए लेकिन किसान उनकी प्राथमिकताओं में ही नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तो दिखावे के लिए किसानों का हमदर्द बनती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार समाप्त करने और काला धन वापस लाकर सभी के खातों में 15-15 लाख रुपए डालने का वायदा किया था लेकिन आज तक एक भी वायदा पूरा नहीं किया गया।