पटनाः शेल्टर होम से भागी 1 लड़की पहुंची अपने घर, तीन का अभी भी नहीं मिला कोई सुराग

punjabkesari.in Tuesday, Nov 13, 2018 - 07:12 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के आशा किरण शेल्टर होम से भागी चार लड़कियों में से एक लड़की अपने घर पश्चिम बंगाल के 24 परगना पहुंच गई है। इस बात की जानकारी लड़की की बहन ने दी है। वहीं शेष तीन लड़कियों के बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

रविवार को पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी इलाके में स्थित आशा किरण शेल्टर होम से चार लड़कियां खिड़की में दुपट्टा बांधकर वहां से फरार हो गई थी। चार लड़कियों में से एक लड़की पश्चिम बंगाल के 24 परगना पहुंच गई है। लड़की की बहन ने पाटलिपुत्र के थानाध्यक्ष को इस बात की जानकारी दी है। लड़की ने बताया कि अन्य लड़कियों ने भी घर जाने की बात कही थी। अन्य तीन लड़कियां बिहार के अररिया, बक्सर और पटना की रहने वाली हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले पटना का आसरा शेल्टर होम भी विवादों में रह चुका है। आसरा शेल्टर होम की चार युवतियों ने भी खिड़की से फरार होने की कोशिश की थी लेकिन वह कामयाब नहीं हुईं। इसके अतिरिक्त मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में भी लड़कियों के साथ यौन शोषण होने का खुलासा हो चुका है।  
 

prachi