वंदे भारत मिशन के तहत मस्कट से गया पहुंचा विशेष विमान,132 प्रवासी लौटे अपने देश

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2020 - 01:06 PM (IST)

गयाः वंदे भारत मिशन के तहत खाड़ी देश ओमान की राजधानी मस्कट से विशेष विमान से 132 प्रवासी रविवार को बिहार के गया हवाईअड्डा पहुंचे। इन प्रवासियों में बिहार के 116 और 16 झारखंड के यात्री शामिल हैं।

मगध प्रमंडल आयुक्त असंगबा चुबा आओ, जिलाधिकारी अभिषेक सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, हवाईअड्डा निदेशक दिलीप कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने गुलाब का फूल देकर यात्रियों का स्वागत किया। हवाईअड्डे पर उपस्थित मेडिकल टीम ने यात्रियों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान उन्हें वंदे भारत किट उपलब्ध कराया गया।

वहीं जांच करने के बाद यात्रियों को बोधगया के होटल में ले जाया गया। बोधगया के विभिन्न होटलों में इन प्रवासियों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके लिए तीन तरह के होटल को चिह्नित किया गया है।

Edited By

Ramanjot