बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

punjabkesari.in Wednesday, Aug 14, 2019 - 09:55 AM (IST)

पटनाः बिहार सरकार ने राज्य में विधि-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 अधिकारियों का तबादला कर दिया जिनमें पुलिस महानिरीक्षक स्तर के चार, पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के छह और पुलिस अधीक्षक स्तर के पांच अधिकारी शामिल हैं।

गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने जहां 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया वहीं तीन अधिकारियों को पदस्थापित और एक आईपीएस अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार का गृह विभाग (विशेष शाखा) के विशेष सचिव के पद पर तबादला किया गया है वहीं गृह विभाग (विशेष शाखा) के विशेष सचिव पारस नाथ को मगध क्षेत्र, गया का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

इसी तरह पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन, पटना संजय सिंह को पटना (केंद्रीय क्षेत्र) का पुलिस महानिरीक्षक तथा भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विनोद कुमार (दो) को पूर्णिया क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। पटना (केंद्रीय क्षेत्र) के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश कुमार को बेगूसराय क्षेत्र का पुलिस उप महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक विनय कुमार को विशेष कार्यबल, पटना का पुलिस उप महानिरीक्षक, पूर्णिया क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश त्रिपाठी को मानवाधिकार, पटना का पुलिस उप महानिरीक्षक तथा तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक रविंद्र कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर तबादला किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार, दरभंगा क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह को सैन्य पुलिस (उत्तरी मंडल, मुजफ्फरपुर) का पुलिस उप महानिरीक्षक, विशेष कार्यबल के पुलिस उप महानिरीक्षक जितेंद्र मिश्रा को नागरिक सुरक्षा, पटना का पुलिस उप महानिरीक्षक तथा विशेष कार्यबल के पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा को बिहार सैन्य पुलिस-09 (जमालपुर) का समादेष्टा बनाया गया है। उन्हें सिपाही प्रशिक्षण केंद्र (सिमुलतल्ला) के समादेष्टा सह प्राचार्य पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

बिहार सैन्य पुलिस-09 (जमालपुर) के समादेष्टा हिमांशु शंकर त्रिवेदी को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर का सहायक निदेशक, आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस अधीक्षक डी. अमरकेश को यातायात (पटना) का पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के सहायक निदेशक रमाशंकर राय को सैन्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, डुमराव का समादेष्टा सह प्राचार्य तथा यातायात (पटना) के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर का सहायक निदेशक बनाया गया है।

वहीं, पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. कन्नन को सैन्य पुलिस केंद्रीय मंडल, पटना के पुलिस उप महानिरीक्षक, पदस्थापन की प्रतीक्षा में श्रीमती एस. प्रेमलथा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के पुलिस अधीक्षक और पदस्थापन को प्रतीक्षारत प्राणतोष कुमार दास को आर्थिक अपराध इकाई, पटना के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है। सरकार ने पुलिस मुख्यालय, पटना के पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खां को प्रोविजन, पटना के पुलिस महानिरीक्षक पद की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई है।

prachi