शौच के लिए घर से निकली महिला के साथ 4 युवकों ने किया बलात्कार, 1 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 02:49 PM (IST)

सासारामः जिस देश में लड़कियों को देवी की तरह पूजने की प्रथा रही हो वहां पर बलात्कार एक घिनौनी वास्तविकता बनकर रह गई है। वहीं बिहार में दुष्कर्म जैसी घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार के सासाराम जिले से सामने आया है। शौच के लिए घर से निकली महिला के साथ उसी के गांव के 4 युवकों ने बलात्कार किया।

जानकारी के अनुसार, घटना चेनारी थाना के खुर्माबाद की है। मंगलवार देर शाम विवाहिता शौच के लिए घर से निकली। उसी समय से सभी युवक घात लगाए बैठे थे। महिला जैसे ही शौच से बाहर निकलकर घर के पीछे गई तो युवकों ने उसे घेर लिया और पास खड़ी वैन में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो उन्होंने महिला का मुंह बंद कर मारपीट शुरु कर दी।

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया जिससे सभी गांव वाले एकत्रित हो गए। ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी भाग खड़े हुए लेकिन एक आरोपी इकबाल कुरैशी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद लोग इतने आक्रोश में आ गए कि उन्होंने 3 घंटे जीटी रोड जाम कर दिया। साथ ही टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस जाम को बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और भड़के लोगों को शांत करने का प्रयास करने लगी। साथ ही पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल भेज दिया।


बता दें एसपी सत्यवीर सिंह का कहना है कि सभी चार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी 3 आरोपियों को 1 महीने के अंदर स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा।

Ajay kumar