मानव श्रृंखला में शामिल हुए कांग्रेस-RJD के 5 विधायक, गरमाई बिहार की सियासत

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 05:33 PM (IST)

पटनाः जल-जीवन-हरियाली और शराबबंदी के पक्ष में तथा दहेजप्रथा एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट बिहार में 16 हजार किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई। इसके चलते बिहार ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। जहां एक तरफ महागठबंधन ने मानव श्रृंखला को फ्लॉप करार दिया वहीं दूसरी तरफ राजद और कांग्रेस के कई विधायकों ने कतार में खड़े होकर राज्य की सियासत को गरमा दिया है।

मुजफ्फरपुर के गायघाट से राजद के विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने मानव श्रृंखला में हिस्सा लिया। वहीं, दरभंगा में केवटी के राजद विधायक फराज फातमी अपने पिता मोहम्मद अली अशरफ फातमी के साथ कर्पूरी चौक पर मानव श्रृंखला में शामिल हुए। दूसरी ओर राजद के एमएलसी संजय प्रसाद ने भी जमुई में मानव कतार में शामिल होकर महागठबंधन की चिंता बढ़ा दी है।

केवल राजद ही नहीं बल्कि कांग्रेस के विधायक भी मानव श्रृंखला का हिस्सा बने। नवादा में गोविंदपुर से कांग्रेस की विधायक पूर्णिमा यादव अपने पति और जदयू विधायक कौशल यादव के साथ न सिर्फ इस आयोजन में शामिल हुईं बल्कि उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की खूब तारीफ भी की। बक्सर में कांग्रेस विधायक संजय तिवारी भी मानव श्रृंखला का हिस्सा बने।

prachi