मुंगेर पुलिस की बड़ी कामयाबी, नौ दिनों के भीतर बरामद किए 6 एके-47

punjabkesari.in Saturday, Sep 08, 2018 - 04:34 PM (IST)

मुंगेरः बिहार के मुंगेर जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से तीन एके-47 बरामद किए हैं। मुंगेर पुलिस ने नौ दिनों के भीतर छह एके-47 बरामद किए हैं। 

29 अगस्त 2018 को पुलिस ने जमालपुर के जुबलीवेल के पास बरधा निवासी इमरान को तीन AK-47 और 30 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद इमरान ने बताया था कि जब्बलपुर के पुरुषोतम लाल ने उसे यह हथियार लाकर दिए थे। इस सूचना के बाद मुंगेर पुलिस जब्बलपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पुरुषोतम को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुरुषोतम लाल ने पुलिस को बताया कि उसने मुंगेर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरधा गांव निवासी शमशेर को दूसरा बैग दिया था जिसमें हथियार भरे हुए थे। सूचना के बाद एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार शमशेर को गिरफ्तार किया। पुलिस की दबिश के बाद शमशेर ने बताया कि उसने सारे हथियार अपनी बहन रिजवाना बेगम के घर में छुपाए हैं।

इस सूचना के बाद पुलिस ने एक बोरे में रखे तीन AK-47 बरामद किए। साथ ही शमशेर और उसकी बहन रिजवाना को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही मुंगेर एसपी बाबू राम ने एक और सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2012 से लेकर अब तक तकरीबन 60-70 AK-47 मुंगेर में लाए गए हैं और अपराधियों को बेचे गए हैं। पुलिस द्वारा तेजी से इस मामले की जांच की जा रही है। 

prachi