Lok Sabha Election 2019: बिहार में 6 विधायक देंगे सांसदों को चुनौती

punjabkesari.in Tuesday, Apr 09, 2019 - 03:33 PM (IST)

पटनाः बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक दलों के छह विधायक संसद भवन का रास्ता तय करने के लिए निवर्तमान सांसदों को चुनौती दे रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी महागठबंधन के छह विधायक निवर्तमान सासंदों के सामने उतरे हैं। विधायकों और सांसदो के बीच होने वाली जंग में सांसदों के लिए यह लड़ाई किसी अग्निपरीक्षा से कम नही होगी। 

मधेपुरा सीट पर त्रिकोणीय होगा मुकाबला 
मधेपुरा संसदीय सीट से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने सिमरी बख्तियारपुर से विधायक और बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री दिनेश चंद्र यादव को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला 2014 के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की टिकट पर जीते राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से होगा। इस बार महागठबंधन की ओर से लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) के संरक्षक और पूर्व सासंद शरद यादव को उम्मीदवार बनाया गया है जो राजद की टिकट पर चुनाव लडऩे जा रहे हैं वहीं जन अधिकार पार्टी (जाप) के अध्य्क्ष पप्पू यादव भी मैदान में हैं। मधेपुरा सीट पर तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। 

भागलपुर सीट पर जदयू विधायक और राजद के सांसद में होगा मुकाबला 
भागलपुर सीट से नाथनगर के विधायक अजय कुमार मंडल जदयू की टिकट पर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला राजद प्रत्याशी और मौजूदा सांसद शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल से होगा। इस सीट पर दूसरे चरण में 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेता सैयद शाहनवाज हुसैन को राजद प्रत्याशी बुलो मंडल के हाथों यहां हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने इस बार हुसैन को प्रत्याशी नही बनाया है। राजग में तालमेल के तहत यह सीट घटक जदयू के खाते में गयी है। 

सारण सीट पर राजद और भाजपा में कड़ी टक्कर 
परसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय के पुत्र चंद्रिका राय राजद की टिकट से सारण लोकसभा क्षेत्र से चुनावी समर में उतरे हैं। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय का मुकाबला भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी से होगा। पहली बार लोकसभा चुनावी समर में उतरे चंद्रिका राय के लिए भाजपा के दिग्गज नेता राजीव प्रताप रूडी से टकराने की बड़ी चुनौती होगी। सारण सीट पर पांचवे चरण में 06 मई को मतदान होगा। 

बांका सीट पर तीन उम्मीदवार हैं मैदान में 
बांका संसदीय सीट से जदयू की टिकट पर बेलहर विधायक गिरधारी यादव चुनावी समर में उतर रहे हैं। पिछले चुनाव में राजद प्रत्याशी जय प्रकाश नारायाण यादव ने भाजपा उम्मीदवार और पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल कुमारी को शिकस्त दी थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पुतुल कुमारी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। ऐसी स्थिति में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। बांका संसदीय सीट पर दूसरे चरण में 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। 

समस्तीपुर सीट पर कांग्रेस और लोजपा के उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव 
समस्तीपुर (सुरक्षित) से एक बार फिर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रोसड़ा (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक डॉ. अशोक कुमार किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 2014 में अशोक कुमार की टक्कर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रत्याशी और निवर्तमान सांसद रामचंद्र पासवान से थी। दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। पासवान ने कुमार को छह हजार से अधिक मतो के अंतर से पराजित किया था। इस सीट पर चौथे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। 

जहानाबाद सीट पर भी त्रिकोणीय होगा मुकाबला 
राजद की टिकट पर जहानाबाद संसदीय क्षेत्र से बेलागंज के निर्वतमान विधायक सुरेंद्र प्रसाद यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे हैं। वहीं, जदयू ने अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। अरूण कुमार इस बार अपनी राष्ट्रीय समता पार्टी की टिकट पर जहानाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं। इस प्रकार इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

prachi