चमकी बुखार के बाद बिहार में जानलेवा बना हीट स्ट्रोक, अब तक 100 लोगों की हुई मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2019 - 09:47 AM (IST)

पटना: बिहार में चमकी बुखार के बाद अब हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो रहा है। गर्मी के इस मौसम में अब तक लू लगने से 100 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक मौत औरंगाबाद जिले में हुई है।

आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि औरंगाबाद जिले में 30, गया में 20 और नवादा में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान राशि मुहैया कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं मौसम विभाग के पटना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजधानी पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य 9.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 2009 के बाद के पिछले 10 वर्षों के रिकॉर्ड को पार कर गया है । पटना शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक था। भीषण गर्मी को देखते हुए शहर में 19 जून तक के लिए स्कूलों को बंद रखने का आदेश जिलाधिकारी कुमार रवि ने शनिवार को दिया था।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किए जाने पर हीट वेव घोषित किया जाता है। बिहार के अन्य जिलों गया, भागलपुर और पूर्णिया में शनिवार को अधिकतम तापमान क्रमश: 45.2 डिग्री सेल्सियस, 41.5 डिग्री सेल्सियस और 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
 

Deepika Rajput