विभिन्न राज्यों से आज बिहार आएंगी 70 विशेष ट्रेनें, 1.14 लाख प्रवासी लौटेंगे अपने प्रदेश

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2020 - 11:42 AM (IST)

पटनाः लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को बिहार लाने का सिलसिला जारी है। वहीं अब प्रवासियों के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है। इसी क्रम में गुरुवार को 70 विशेष ट्रेनें बिहार आएंगी। इन ट्रेनों के माध्यम से करीब 1 लाख 14 हजार प्रवासी अपने प्रदेश लौटेंगे।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गुरुवार को 70 ट्रेनें बिहार पहुंचेगी। इनमें से सबसे अधिक 13 ट्रेनें उत्तर प्रदेश से आने वाली है। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात से आठ-आठ, पंजाब से छह, दिल्ली से पांच, तमिलनाडु और हरियाणा से तीन-तीन ट्रेनें आएंगी।

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रवासियों के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने को लेकर पदाधिकारियों को निर्देश दिया था। उसके बाद से दूसरे राज्यों से आने वाली विशेष ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं बुधवार को 66 ट्रेनों से एक लाख सात हजार प्रवासी बिहार लौटे थे।

Edited By

Ramanjot