बिहारः बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 92, CM नीतीश ने प्रत्यक्ष नकदी अंतरण किया शुरू

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2019 - 10:12 AM (IST)

पटनाः बिहार में पिछले 24 घंटों में विभिन्न इलाकों में बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 14 हो गई जिससे इस मानसूनी बारिश में यह आंकड़ा बढ़कर 92 तक पहुंच गया है। राज्य में राहत और पुनर्वास अभियान पूरी क्षमता से चलाये जा रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 180 करोड़ रूपये से अधिक धनराशि वाला एक अभियान शुरु किया जिसके अंतर्गत प्रभावित लोगों को प्रत्यक्ष धन अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता दी जाएगी।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला सीतामढ़ी है। राज्य में कल तक हुई कुल 78 मौतों में यहां 27 लोगों की जानें जा चुकी हैं। यहां का इलाका अचानक आई बाढ़ से प्रभावित है। यह बाढ़ नेपाल में गत सप्ताह हुई मूसलधार बारिश की वजह से आई है। विभाग ने कहा कि राज्य में बाढ़ की आपदा 12 जिलों में है और कुल 66.76 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

इसके अलावा अररिया, मधुबनी, पूर्णिया, शिवहर और दरभंगा में भी कई लोगों ने बाढ़ की वजह से जान गंवाई है। इस बीच मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए एक कार्यक्रम शुरू किया है। इसे सार्वजनिक वित्त प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रारंभ किया गया है। इसके तहत पहले चरण में 3.02 लाख परिवारों को 181.92 करोड़ रूपए दिये जाने हैं।

prachi