Lok Sabha Election 2019: एक नजर बक्सर लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Friday, May 17, 2019 - 02:41 PM (IST)

बक्सरः लोकसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण के तहत बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर 19 मई को मतदान होने हैं। इससे पहले छह चरणों में राज्य की 32 सीटों पर चुनाव हो चुके हैं। सातवें चरण में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद लोकसभा सीट पर मतदान होने हैं। इस खबर में हम आपको बक्सर लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
PunjabKesari
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक बक्सर लोकसभा सीट है। बक्सर को पूर्वांचल के रास्ते बिहार का द्वार कहा जाता है। प्राचीन काल में इसका नाम 'व्याघ्रसर' था। यहीं पर चौसा में शेरशाह ने मुगल शासक हुमायूं को पराजित किया था। 1764 में सुप्रसिद्ध बक्सर की लड़ाई भी यहीं लड़ी गई थी। कहा जाता है कि यहां गुरु विश्वामित्र के आश्रम में राम और लक्ष्मण की शुरुआती पढ़ाई हुई थी। राजनीतिक दृष्टिकोण से भी यहां के लोग काफी सजग रहे हैं। इसका आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं कि आजादी के बाद 1952 के चुनाव में यहां की जनता ने निर्दलीय कमल सिंह को अपना सांसद चुना था। यहां तक कि दूसरी बार भी जनता ने निर्दलीय कमल सिंह को ही सांसद चुनकर दिल्ली भेजा तो 1962 में कांग्रेस के अनंत प्रसाद शर्मा सांसद चुने गए। 1967 में कांग्रेस के टिकट पर ही राम सुभाग सिंह सांसद बने। वहीं 1971 में अनंत प्रसाद शर्मा एक बार फिर कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए लेकिन आपातकाल के बाद हुए 1977 के चुनाव में कांग्रेस इस सीट को बचा नहीं सकी और भारतीय लोक दल के टिकट पर रामानंद तिवारी सांसद बने हालांकि 1980 और 1984 में कांग्रेस के टिकट पर कमल कांत तिवारी सांसद चुने गए।
PunjabKesari
1989 और 1991 में कम्युनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर तेज नारायण सिंह यहां से सांसद बने। इसके बाद 1996, 1998, 1999 और 2004 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर लालमुनि चौबे सांसद चुने गए लेकिन 2009 में भारतीय जनता पार्टी का विजय रथ रुका और राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर जगदानंद सिंह सांसद चुने गए। हालांकि 2014 में मोदी लहर में भारतीय जनता पार्टी ने फिर से वापसी की और अश्विनी कुमार चौबे यहां से सांसद चुने गए। 2019 में भी भारतीय जनता पार्टी ने अश्विनी कुमार चौबे को ही मैदान में उतारा है तो वहीं महागठबंधन की ओर से राजद ने जगन्नाथ सिंह को मैदान में उतारा में है।
PunjabKesari
बक्सर लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं जिनमें बक्सर जिले की ब्रह्मपुर, राजपुर, बक्सर और डुमरांव विधनसभा, कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा और रोहतास जिले की दिनारा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

जिला विधानसभा क्षेत्र
बक्सर ब्रह्मपुर, राजपुर, बक्सर और डुमरांव
कैमूर रामगढ़
रोहतास दिनारा

PunjabKesari
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में बक्सर में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 6 हजार 4 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 53 हजार 853, महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 52 हजार 125 और ट्रांस जेंडर के कुल 26 मतदाता शामिल हैं।
PunjabKesari
एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 
साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अश्विनी कुमार चौबे ने 3 लाख 19 हजार 12 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD के जगदानंद सिंह 1 लाख 86 हजार 674 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि BSP के ददन यादव को 1 लाख 84 हजार 788 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
PunjabKesari
2009 लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 की बात करें तो RJD के जगदानंद सिंह ने 1 लाख 32 हजार 614 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं BJP के लालमुनि चौबे 1 लाख 30 हजार 376 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि BSP के श्यामलाल सिंह कुशवाहा को 1 लाख 27 हजार 145 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
PunjabKesari
एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी के लालमुनि चौबे ने 2 लाख 5 हजार 980 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं निर्दलीय ददन सिंह 1 लाख 51 हजार 114 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि RJD के शिवानंद तिवारी को 1 लाख 33 हजार 467 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Related News

static