Lok Sabha Election 2019: एक नजर झंझारपुर लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2019 - 06:17 PM (IST)

झंझारपुरः बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के तहत चार और दूसरे चरण के तहत पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 23 अप्रैल को तीसरे चरण के तहत पांच सीटों पर मतदान होने हैं जिसमें झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया शामिल है। इस खबर में हम आपको झंझारपुरलोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।

झंझारपुर लोकसभा सीट साल 1972 में अस्तित्व में आई और यहां हुए पहले चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार जगन्नाथ मिश्र को जीत मिली। 1977 में इस सीट पर भारतीय लोकदल ने कब्जा जमाया और धनिक लाल मंडल सांसद चुने गए। 1980 में भी धनिक लाल मंडल ही चुनाव जीते लेकिन इस बार जनता पार्टी(एस) के टिकट पर चुनाव जीते। 1984 में कांग्रेस के टिकट पर गौरी शंकर राजहंस यहां से सांसद चुने गए। 1989 में जनता दल के टिकट पर देवेंद्र प्रसाद यादव चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल करने में कामयाब रहे। इसके बाद 1991 और 1996 में भी देवेंद्र प्रसाद यादव ही चुनाव जीते। 1998 में यह सीट RJD के खाते में गई और सुरेंद्र प्रसाद यादव सांसद बने।

1999 में इस सीट पर एक बार फिर से देवेंद्र प्रसाद यादव ने वापसी की लेकिन इस बार JDU के टिकट पर चुनाव लड़े थे। 2004 में भी इस सीट पर उन्हीं का कब्जा रहा लेकिन इस बार RJD के टिकट पर चुनाव जीते। वहीं 2009 में जदयू के टिकट पर मंगनीलाल मंडल चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 2014 में पहली बार मोदी लहर में यह सीट बीजेपी के खाते में गई और बीरेंद्र कुमार चौधरी संसद पहुंचे।

झंझारपुर लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं जिनमें मधुबनी जिले की खजौली, बाबूबरही, राजनगर, झंझारपुर, फूलपरास और लौकहा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

जिला विधानसभा क्षेत्र
झंझारपुर खजौली, बाबूबरही, राजनगर, झंझारपुर, फूलपरास और लौकहा


इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में झंझारपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 35 हजार 89 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 61 हजार 118, महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 73 हजार 905 और ट्रांस जेंडर के कुल 66 मतदाता शामिल हैं।

एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर साल
2014 में इस सीट पर BJP के वीरेंद्र कुमार चौधरी ने 3 लाख 35 हजार 481 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD के मंगनी लाल मंडल 2 लाख 80 हजार 73 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि JDU के देवेंद्र प्रसाद यादव को 1 लाख 83 हजार 591 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

2009 लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 में JDU के मंगनी लाल मंडल ने 2 लाख 65 हजार 175 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD के देवेंद्र प्रसाद यादव 1 लाख 92 हजार 466 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि कांग्रेस के कृपानाथ पाठक को 86 हजार 228 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 में RJD के देवेंद्र प्रसाद यादव ने 3 लाख 23 हजार 400 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं JDU के जगन्नाथ मिश्रा 3 लाख 10 हजार 565 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि SP के देव नाथ यादव को महज 42 हजार 859 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

prachi