Loksabha Election 2019: एक नजर महाराजगंज लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Friday, May 10, 2019 - 01:04 PM (IST)

महाराजगंजः बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान होने हैं जिनमें से पांच चरणों में 24 सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 12 मई को छठे चरण के तहत आठ सीटों पर मतदान होने हैं जिनमें वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज शामिल हैं। इस खबर में हम आपको महाराजगंज लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक महाराजगंज लोकसभा सीट है। यह क्षेत्र सीवान जिले का हिस्सा है। ब्रिटिशकाल में ही यह रेलवे लाइन से जुड़ गया था। इस सीट पर सबसे ज्यादा आबादी राजपूतों की है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भूमिहार हैं। एक नजर इस सीट के राजनीतिक इतिहास पर डालें तो साल 1957 के चुनाव में महाराजगंज सीट से कांग्रेस के महेंद्र नाथ सिंह चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। साल 1962 में कांग्रेस के टिकट पर ही नागेंद्र नाथ सिंह चुनाव जीते। साल 1967 में एमपी सिंह और 1971 में रामदेव सिंह इस सीट से चुनाव जीते। इसके बाद 1980 और 1984 में कांग्रेस के कृष्ण प्रताप सिंह सांसद चुने गए। साल 1989 में जनता दल के टिकट पर राम बहादुर सिंह चुनाव जीते तो 1991में जनता दल के टिकट पर ही गिरिजा देवी सांसद चुनी गईं।
साल 1996 में समता पार्टी के राम बहादुर सिंह एक बार फिर से सांसद बनने में कामयाब हुए। इसके बाद 1998, 1999 और 2004 में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर प्रभुनाथ सिंह चुनाव जीते लेकिन 2009 के चुनाव में जेडीयू के प्रभुनाथ सिंह को आरजेडी के उमाशंकर सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा। साल 2013 में उमाशंकर सिंह के निधन के बाद हुए उपचुनाव में राजद के टिकट पर प्रभुनाथ सिंह सांसद बने तो वहीं मोदी लहर में यह सीट पहली बार बीजेपी के खाते में गई और बेहद ही साधारण बैकग्राउंड से आने वाले जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बाहुबली प्रभुनाथ सिंह को हराकर सांसद बने। 2019 में भी NDA की ओर से बीजेपी ने जनर्दन सिंह सिग्रीवाल को ही मैदान में उतारा है तो महागठबंधन की ओर से राजद ने रणधीर कुमार सिंह को मैदान में उतारा है।
जिला | विधानसभा क्षेत्र |
सीवान | गोरियाकोठी और महाराजगंज |
सारण | एकमा, मांझी, बनियापुर और तरैया |
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में महाराजगंज में कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 93 हजार 406 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 47 हजार 205 महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 46 हजार 150 और ट्रांस जेंडर के कुल 51 मतदाता शामिल हैं।
एक नजर साल 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने 3 लाख 20 हजार 753 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD के प्रभु नाथ सिंह 2 लाख 82 हजार 338 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि JDU के मनोरंजन सिंह को 1 लाख 49 हजार 483 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
एक नजर साल 2009 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2009 की बात करें तो RJD के उमाशंकर सिंह ने 2 लाख 11 हजार 610 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं JDU के प्रभु नाथ सिंह 2 लाख 8 हजार 813 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि कांग्रेस के तारकेश्वर सिंह को 80 हजार 162 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
एक नजर साल 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 की बात करें तो JDU के प्रभु नाथ सिंह ने 2 लाख 83 हजार 506 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं RJD के जितेंद्र स्वामी 2 लाख 37 हजार 41 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि निर्दलीय डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह को 99 हजार 807 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।