Lok Sabha Election 2019: एक नजर मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Friday, May 03, 2019 - 03:38 PM (IST)
मुजफ्फरपुर: बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 4 और दूसरे चरण में 5, तीसरे चरण में 5 और चौथे चरण में 5 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। वहीं 6 मई को पांचवे चरण में 4 लोकसभा सीटों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर में चुनाव होने जा रहे हैं। इस खबर में हम आपको मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट पर पहली बार साल 1952 में कांग्रेस के टिकट पर श्याम नंदन सहाय चुनाव जीते लेकिन दूसरे ही चुनाव में कांग्रेस की हार हुई और प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के अशोक रंजीतराम मेहता चुनाव जीते हालांकि इसके बाद लगातार तीन बार यानि 1962 से 1971 तक कांग्रेस का कब्जा रहा। 1962 और 1967 में दिग्विजय नारायण सिंह तो 1971 में नवल किशोर सिन्हा चुनाव जीते। 1977 और 1980 में यह सीट जनता पार्टी के खाते में गई और जॉर्ज फ़र्नान्डिस सांसद चुने गए। 1984 में कांग्रेस के टिकट पर ललितेश्वर प्रसाद शाही इस सीट से सांसद बने।

इसके बाद 1989 और 1991 में लगातार दो बार जॉर्ज फ़र्नान्डिस जनता दल के टिकट पर चुनकर संसद पहुंचे। 1996 में भी सीट तो जनता दल के पास ही रही लेकिन इस बार सांसद जय नारायण निषाद बने। 1998 में जय नारायण निषाद RJD के टिकट पर सांसद बने तो 1999 में JDU के टिकट पर चुने गए। 2004 में एक बार फिर से जॉर्ज फ़र्नान्डिस JDU के टिकट पर दिल्ली पहुंचे। 2009 में भी यह सीट JDU के खाते में ही गई और जय नारायण निषाद सांसद बने जबकि 2014 में मोदी लहर में पहली बार इस सीट पर कमल खिला और अजय निषाद सांसद चुने गए।
| जिला | विधानसभा क्षेत्र |
| मुजफ्फरपुर | गायघाट, औराई, बोचहां, सकरा, कुरहनी और मुजफ्फरपुर |
मुजफ्फरपुर लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं जिनमें मुजफ्फरपुर जिले की गायघाट, औराई, बोचहां, सकरा, कुरहनी और मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में मुजफ्फरपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 10 हजार 868 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 11 हजार 521, महिला मतदाताओं की संख्या 7 लाख 99 हजार 305 और ट्रांस जेंडर के कुल 42 मतदाता शामिल हैं।

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर BJP के अजय निषाद ने 4 लाख 69 हजार 295 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस के अखिलेश पीडी सिंह 2 लाख 46 हजार 873 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि JDU के विजेंद्र चौधरी को 85 हजार 140 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

2009 लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 की बात करें तो JDU के जय नारायण प्रसाद निषाद ने 1 लाख 95 हजार 91 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं LJP के भगवानलाल साहनी 1 लाख 47 हजार 282 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि कांग्रेस के विनीता विजय को 1 लाख 8 हजार 306 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रही थीं।

एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 में JDU के जॉर्ज फ़र्नान्डिस ने 3 लाख 70 हजार 127 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD के भगवान लाल सहनी 3 लाख 60 हजार 434 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि समाजवादी पार्टी के महेश्वर प्रसाद यादव को 14 हजार 895 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।


