Lok Sabha Election 2019: एक नजर पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Thursday, May 16, 2019 - 10:27 AM (IST)

पाटलिपुत्रः लोकसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण के तहत बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर 19 मई को मतदान होने हैं। इससे पहले छह चरणों में राज्य की 32 सीटों पर चुनाव हो चुके हैं। सातवें चरण में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद लोकसभा सीट पर मतदान होने हैं। इस खबर में हम आपको पाटलिपुत्र लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
पाटलिपुत्र लोकसभा पटना जिले के अंतर्गत आती है। आपको बता दें कि यह सीट 2008 में हुए परिसीमन से पहले तक पटना लोकसभा के अंतर्गत आती थी लेकिन 2008 में पटना लोकसभा को दो भागों में बांटकर पाटलिपुत्र और पटना साहिब बना दिया गया जिसके बाद साल 2009 में इस सीट पर पहली बार हुए चुनाव में जदयू के डॉ. रंजन प्रसाद यादव ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को हराकर संसद पहुंचे तो वहीं 2014 के लोकसभा चुनाव में राजद से टिकट नहीं मिलने से नाराज रामकृपाल यादव ने चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती को हराकर सांसद बने।
पाटलिपुत्र लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं जिनमें पटना जिले की दानापुर, मनेर, फुलवारी, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
जिला | विधानसभा क्षेत्र |
पटना | दानापुर, मनेर, फुलवारी, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम |
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में पाटलिपुत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 19 लाख 09 हजार 112 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 99 हजार 21, महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 10 हजार 35 और ट्रांस जेंडर के कुल 56 मतदाता शामिल हैं।
एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के रामकृपाल यादव ने 3 लाख 83 हजार 262 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं RJD की मीसा भारती 3 लाख 42 हजार 940 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रही थीं जबकि जेडीयू के रंजन प्रसाद यादव को 97 हजार 228 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
2009 लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 में JDU के रंजन प्रसाद यादव ने 2 लाख 69 हजार 298 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं RJD के लालू प्रसाद यादव 2 लाख 45 हजार 757 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि CPI(ML)L के रामेश्वर प्रसाद को 36 हजार 837 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।