Lok Sabha Election 2019ः एक नजर समस्तीपुर लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2019 - 12:52 PM (IST)

समस्तीपुरः बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के तहत चार और दूसरे चरण के तहत पांच और तीसरे चरण के तहत पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 29 अप्रैल को चौथे चरण के तहत 5 सीटों पर मतदान होने हैं जिसमें दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर शामिल है। इस खबर में हम आपको समस्तीपुर लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
समस्तीपुर लोकसभा पर पहली बार साल 1952 में चुनाव हुआ और सत्य नारायण सिन्हा सांसद चुने गए हालांकि उस समय इस सीट का नाम समस्तीपुर पूर्व के नाम से जाना जाता था। इसके बाद इस सीट का नाम समस्तीपुर हो गया और लगातार दो बार यानी कि 1957 और 1962 के चुनाव में सत्य नारायण सिन्हा ही सांसद चुने गए। 1967 और 1971 के चुनाव में भी कांग्रेस का ही कब्जा रहा और यमुना प्रसाद मंडल सांसद चुने गए। 1977 में यह सीट जनता पार्टी के खाते में गई और कर्पूरी ठाकुर चुनाव जीते। इसके बाद 1978 के उपचुनाव और 1980 के आम चुनाव में भी यह सीट कर्पूरी ठाकुर के पास ही रही। 1984 में कांग्रेस ने एक बार फिर से वापसी की और रामदेव मंडल चुनाव जीतने में कामयाब हुए हालांकि इसके बाद यह सीट कभी भी कांग्रेस के खाते में नहीं गई। 1989 और 1991 में जनता दल के टिकट पर मंजय लाल कुशवाहा सांसद चुने गए। 1996 में भी यह सीट जनता दल के पास ही रही और अजीत कुमार मेहता सांसद बने।
1998 में भी यह सीट मेहता के पास ही रही लेकिन इस बार राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर वे चुनाव जीते। 1999 में इस सीट पर JDU ने कब्जा किया और मंजय लाल चुनाव जीतने में कामयाब हुए। 2004 में यह सीट एक बार फिर से RJD के खाते में गई और आलोक कुमार मेहता सांसद बनने में कामयाब रहे। 2009 में इस सीट पर JDU के महेश्वर हज़ारी चुनाव जीतने में का मयाब रहे। वहीं मोदी लहर में यह सीट LJP के खाते में गई और राम चंद्र पासवान सांसद चुने गए।
जिला | विधानसभा क्षेत्र |
समस्तीपुर | वारिसनगर, समस्तीपुर, कल्याणपुर, रोसड़ा |
दरभंगा | कुशेश्वर स्थान और हायाघाट |
समस्तीपुर लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं जिनमें समस्तीपुर जिले की वारिसनगर, समस्तीपुर, कल्याणपुर, रोसड़ा और दरभंगा जिले की कुशेश्वर स्थान और हायाघाट विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 16 लाख 55 हजार 671 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 79 हजार 91, महिला मतदाताओं की संख्या 7 लाख 76 हजार 539 और ट्रांस जेंडर के कुल 41 मतदाता शामिल हैं।
एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर LJP के रामचंद्र पासवान ने 2 लाख 70 हजार 401 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस के अशोक कुमार 2 लाख 63 हजार 529 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि JDU के महेश्वर हज़ारी को 2 लाख 124 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
2009 के लोकसभा चुनावों के नतीजे
साल 2009 में JDU के महेश्वर हज़ारी ने 2 लाख 59 हजार 458 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं LJP के रामचंद्र पासवान 1 लाख 55 हजार 82 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि कांग्रेस के अशोक कुमार को 91 हजार 655 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 में RJD के आलोक कुमार मेहता ने 4 लाख 37 हजार 457 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं JDU के रामचंद्र सिंह 3 लाख 10 हजार 672 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि निर्दलीय शील कुमार राय को 60 हजार 191 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।