Lok Sabha Election 2019: एक नजर बेगूसराय लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 05:41 PM (IST)

बेगूसरायः बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के तहत चार और दूसरे चरण के तहत पांच और तीसरे चरण के तहत पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 29 अप्रैल को चौथे चरण के तहत 5 सीटों पर मतदान होने हैं जिसमें दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर शामिल है। इस खबर में हम आपको बेगूसराय लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।

बेगूसराय लोकसभा सीट पर आजादी के बाद पहली बार साल 1952 में चुनाव हुआ और 1952 से 1962 तक लगातार तीन बार कांग्रेस के टिकट पर मथुरा प्रसाद मिश्र सांसद चुने गए। 1967 में इस सीट पर CPI ने कब्जा जमाया और योगेंद्र शर्मा सांसद बने। 1971 में फिर से यह सीट कांग्रेस के खाते में गई और श्याम नंदन मिश्रा सांसद चुने गए। 1977 में भी सांसद श्याम नंदन मिश्रा ही बने लेकिन इस बार जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। 1980 और 1984 में इस सीट पर कांग्रेस के कृष्णा साही चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 1989 में इस सीट पर जनता दल ने कब्जा जमाया और ललित विजय सिंह सांसद चुने गए। 1991 में एक बार फिर से कांग्रेस के कृष्णा साही सांसद चुने गए जबकि 1996 में निर्दलीय रामेंद्र कुमार को जीत मिली।

1998 में कांग्रेस के राजो सिंह चुनाव जीते तो 1999 में यह सीट RJD के खाते में गई और राजवंशी महतो सांसद बने। 2004 में यह सीट JDU के खाते में गई और राजीव रंजन सिंह सांसद चुने गए। 2009 में भी यह सीट JDU के खाते में ही गई लेकिन इस बार मोनाजिर हसन सांसद बने जबकि 2014 में यह सीट पहली बार बीजेपी के खाते में गई और भोला सिंह सांसद चुने गए। आपको बता दें कि भोला सिंह के निधन के बाद से यह सीट खाली है और इस बार इस सीट से बीजेपी के टिकट पर गिरिराज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं जबकि कांग्रेस से तनवीर हसन चुनावी मैदान में हैं।

जिला विधानसभा क्षेत्र
बेगूसराय छेरिया बरियारपुर, मटिहानी, बखरी, बछवाड़ा, साहेबपुर कमल, तेघरा और बेगूसराय


बेगूसराय लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 7 सीटें आती हैं जिनमें बेगूसराय जिले की छेरिया बरियारपुर, मटिहानी, बखरी, बछवाड़ा, साहेबपुर कमल, तेघरा और बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में बेगूसराय में कुल मतदाताओं की संख्या 19 लाख 42 हजार 769 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 34 हजार 260, महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 8 हजार 446 और ट्रांस जेंडर के कुल 63 मतदाता शामिल हैं।

एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर BJP के भोला सिंह ने 4 लाख 28 हजार 227 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस के मो. तनवीर हसन 3 लाख 69 हजार 892 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि CPI के राजेंद्र प्रसाद सिंह को 1 लाख 92 हजार 639 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

2009 के लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 में JDU के मोनाजिर हसन ने 2 लाख 5 हजार 680 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं CPI के शत्रुघ्न प्रसाद सिंह 1 लाख 64 हजार 843 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि LJP के अनिल चौधरी को 1 लाख 21 हजार 786 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 में JDU के राजीव रंजन सिंह ने 3 लाख 1 हजार 562 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस के कृष्णा साही 2 लाख 81 हजार 71 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि निर्दलीय कुमार सुमन सिंह को 61 हजार 352 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

 

prachi