होली के मद्देनजर समस्तीपुर रेल मंडल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अलर्ट मोड पर पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2020 - 06:57 PM (IST)

 

समस्तीपुरः रंगों के त्योहार होली के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा से लगे पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त अंशुमान त्रिपाठी ने बताया कि होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए आरपीएफ और रेल पुलिस को अलर्ट किया गया है। इस दौरान यात्री जहर खुरानी के शिकार न हो, इसके लिए समस्तीपुर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर दैनिक यात्री संघ, रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान भी चला रही है।

वहीं अंशुमान त्रिपाठी ने बताया कि होली पर अन्य प्रदेशों से यात्री मंडल के समस्तीपुर, दरभंगा, रक्सौल एवं जयनगर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर बड़ी संख्या में आते है। इसके मद्देनजर रेल प्रशासन ने सुरक्षा की द्दष्टि से अभी से ही संवेदनशील स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चला रही है।
 

Nitika