विस चुनाव 2020: प्रिंस राज का बड़ा ऐलान- नीतीश के काम के साथ जनता के बीच जाएगी लोजपा

punjabkesari.in Monday, Feb 10, 2020 - 06:19 PM (IST)

पटना: बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने पार्टी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने पटना में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में लोजपा सीएम नीतीश कुमार के द्वारा राज्य में किए गए विकास के कामों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चिराग पासवान 21 फरवरी से बिहार की यात्रा की शुरूआत करेंगे।

बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने कहा कि 15 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में बिहार का चहुंमुखी विकास हुआ है। जनता के हित में कई अच्‍छे काम किए गए हैं। लोजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के बाद उन्‍होंने मीडिया से कहा कि बिहार के सभी मतदान केंद्रों पर लोजपा बूथ कमेटी बना रही है। पार्टी की 14 अप्रैल को गांधी मैदान में विशाल रैली होने वाली है। इसी रैली के सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान 21 फरवरी से अपनी यात्रा आरंभ करेंगे।

इसके पहले लोजपा के प्रदेश कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में लालगंज विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे संजीव रंजन उर्फ बिट्टू गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ लोजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रिंस ने कहा कि संजीव रंजन के पार्टी में आने से लोजपा और अधिक मजबूत होगी। इस मौके पर प्रधान महासचिव डॉ शहनवाज अहमद कैफी, श्रम प्रकोष्ठ के रामजी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल व कृष्णा सिंह कल्लू सहित कई अन्य लोजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static