बाहुबली अनंत सिंह ने जारी किया वीडियो, ASP लिपि सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 11:38 AM (IST)

 

पटनाः एके-47 और हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद फरार चल रहे बिहार के बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को जारी कर अनंत सिंह ने साफ किया कि वो फरार नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि दो से तीन दिन में पुलिस के सामने सरेंडर कर देंगे। अनंत सिंह ने बिहार सरकार और बाढ़ की ASP लिपि सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अनंत सिंह ने वीडियो में कहा कि मैं गिरफ्तारी से नहीं घबरा रहा हूं। मेरा एक दोस्त बीमार हो गया था। उसको देखने आया हूं। 2 से 3 दिन में सरेंडर कर दूंगा। मैं 14 साल से घर नहीं गया हूं। उन्होंने अपने आरोपों को दोहराते हुए एएसपी लिपि सिंह की कार्रवाई पर उंगली उठाई और कहा कि लिपि सिंह ने ही मेरे घर में हथियार रखे हैं। बाहुबली विधायक ने कहा सरेंडर होने से पहले मैं अपने फ्लैट में जाऊंगा। उसके बाद मीडिया से मिलूंगा।

गौरतलब है कि अंनत सिंह के पैतृक गांव के घर से एके-47 और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। इसके चलते अनंत सिंह के खिलाफ पटना जिले के बाढ़ थाना में आर्म्स एक्ट, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस अनंत सिंह की तलाश कर रही है। शनिवार की रात पटना पुलिस बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने उनके सरकारी आवास पहुंची लेकिन वह पहले ही फरार हो चुके थे। पुलिस ने उनके घर से छोटन सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके चलते अनंत सिंह के खिलाफ एक फरार अपराधी को पनाह देने का केस दर्ज किया गया है।

Nitika