पप्पू यादव का बड़ा ऐलान- विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी JAP

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2020 - 02:31 PM (IST)

पटनाः बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैैं। इस लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। इसी बीच जन अधिकार पार्टी (जाप) के अध्यक्ष पप्पू यादव ने सीटों को लेकर बड़ी घोेषणा की है।

पप्पू यादव ने अपनी प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जन अधिकार पार्टी 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने का उनका कोई सपना नहीं है, बल्कि बिहार का सपना पहले है। साथ ही पप्पू यादव ने ये भी कहा कि एक विचार वाले दल से गठबंधन करेंगे और विलय भी कर सकते हैं। उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और बिहार के हित में तीसरा मोर्चा बनाएं।

इससे पहले बुधवार को पार्टी प्रमुख पप्पू यादव की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक में पप्पू यादव ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का एजेंडा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार होगा।

18 अप्रैल से शुरू करेेंगे जनक्रांति यात्रा
साथ ही जाप अध्यक्ष ने एक और ऐलान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी 18 अप्रैल से जनक्रांति यात्रा भी शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए और विपक्ष से देश के लोकतंत्र को बचाना है। इसके लिए वे 18 अप्रैल से बापू की कर्मभूमि चंपारण से जनक्रांति यात्रा पर निकलेंगे। यह यात्रा बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से होकर 30 मई को पटना के गांधी मैदान में समाप्त होगी।

Nitika